PM Modi Purnia Visit: पीएम के दौरे पर भड़के तेजस्वी, 'आयोजन में 100 करोड़ हुए खर्च, इसका हिसाब कौन देगा?
PM Modi Purnia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्णिया दौरा क्षेत्रवासियों के लिए ही नहीं आगामी चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी के इस दौरे को सीमांचल क्षेत्र की 24 सीटों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम पूर्णिया एयरपोर्ट की सौगात देंगे और फिर वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा कई बड़े प्रोजेक्ट्स और विकास योजनाओं का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे। सीमांचल की 24 सीटों में से कई मुस्लिम बहुल हैं और यहां एनडीए और महागठबंधन के साथ ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी टक्कर में है। इन सबके बीच पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने इस दौरे पर निशाना साधा है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने हमला बोलते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक दौरे पर 100 करोड़ की रकम खर्च हो रही है। इस पैसे का हिसाब कौन देगा? बिहार जैसे गरीब राज्य पर इतना वित्तीय बोझ देना ठीक नहीं है। इस पैसे का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किया जा सकता है।'

PM Modi Purnia Visit: बीजेपी ने की है बड़ी तैयारी
बिहार विधानसभा चुनाव में अब दो महीने से भी कम का समय बचा है। सीमांचल के चुनावी नतीजों का विश्लेषण करें तो पिछले 20 साल में इसका पैटर्न ऐसा रहा है कि इसे किसी भी पार्टी का गढ़ नहीं कह सकते हैं। पिछले चुनाव में यहां महागठबंधन का प्रदर्शन कमजोर रहा था, जबकि बीजेपी को सबसे ज्यादा सीटें मिली थीं। इस बार एनडीए की कोशिश इन 24 सीटों में दमदार प्रदर्शन की है। मुस्लिम बहुल आबादी होने के बावजूद एनडीए जातीय समीकरणों को साधने में जुटी है। ओवैसी के होने से मुस्लिम वोटों के बंटने की भी संभावना है।
यह भी पढ़ें: PM Modi Purnia Bihar Visit: पीएम का पूर्णिया दौरा, मिनट-टू-मिनट पूरा कार्यक्रम, बिहार के लिए तोहफों की रिपोर्ट
इन सभी तथ्यों को देखते हुए पीएम मोदी की पूर्णिया रैली बहुत खास है। पीएम यहां से जनसभा भी करेंगे और पूर्णिया के अलावा कटिहार और अररिया समेत पूरे सीमांचल को साधने की कोशिश करेंगे। पीएम की रैली को सफल बनाने के लिए बीजेपी ने पूरा जोर लगा दिया है। पूरे बिहार से समर्थकों का भारी जुटान पूर्णिया में हो रहा है और पीएम के दौरे को एनडीए के शक्ति प्रदर्शन की तस्वीर बनाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।
पिछले चुनाव में सीमांचल की 24 सीटों पर ऐसा रहा था पार्टियों का प्रदर्शन
BJP: 8 सीटें
JDU: 4 सीटें
Congress: 5 सीटें
AIMIM: 5 सीटें
RJD: 1 सीट
लेफ्ट (माले): 1 सीट
Tejashwi Yadav ने पीएम के दौरे पर साधाना निशाना
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम ने तेजस्वी यादव के दौरे पर निशाना साधते हुए कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री जी, आपके आने से शिक्षकों से पढ़ाना छुड़वाकर कंडक्टर बना दिया जाता है। सरकारी कर्मचारियों, जीविका दीदियों, आशा-ममता, शिक्षा मित्र, विकास मित्र और आंगनबाड़ी सेविका/सहायिकाओं को भीड़ लाने का मुश्किल टारगेट और तनाव दिया जाता है।' तेजस्वी ने पीएम के पुराने वादे की याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी, क्या आपको याद है आपने 11.5 वर्ष पूर्व इसी पूर्णिया जिला से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था? इसके आगे उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक बार फिर पीएम झूठे दावों की बरसात करने के लिए बिहार आ रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि इस महीने के अंत तक तारीखों और पूरे चुनावी कार्यक्रम का ऐलान कर दिया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक दावा किया जा रहा है कि चुनाव 5 चरणों में हो सकते हैं। दिवाली और छठ जैसे त्योहार को देखते हुए तारीखें रखी जाएंगी।
यह भी पढ़ें: PM Modi Bihar visit: पीएम आज करेंगे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन, जनसभा के बाद दिखाएंगे वंदे भारत को हरी झंडी












Click it and Unblock the Notifications