Patna Protest: दिल्ली के बाद पटना में पेपर लीक पर बवाल! छात्रों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प, पथराव-लाठीचार्ज
Patna Protest: दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज अब बिहार की राजधानी पटना में भी सुनाई दी। NEET पेपर लीक, बिहार की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।
गांधी मैदान से निकला राजभवन मार्च पुलिस के साथ हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों ने गांधी मैदान का गेट तोड़ दिया, बैरिकेडिंग हटाई और डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज किया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था में BSF के जवान भी तैनात किए गए।

गांधी मैदान से शुरू हुआ मार्च, गेट तोड़कर निकले छात्र
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान में जुटे और राजभवन मार्च की शुरुआत की। पुलिस ने उन्हें मैदान से बाहर निकलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसी दौरान छात्रों ने गांधी मैदान का मुख्य गेट तोड़ दिया और बाहर निकल आए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। इसके बाद प्रदर्शन ने और उग्र रूप ले लिया।
ये भी पढे़ं: बंगाल से एयरलिफ्ट हुए CRPF के 2000 कमांडो, 30 कंपनियां पहले से तैनात, क्या जंतर-मंतर खाली कराने की है तैयारी
जेपी गोलंबर पर पुलिस से टकराव, वाटर कैनन और लाठीचार्ज
गांधी मैदान से आगे बढ़ते ही जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों का रास्ता रोक दिया। पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज भी हुआ। इसके बावजूद हजारों छात्र मौके पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने की कोशिश जारी रखी।
डाकबंगला चौराहे तक पहुंचे प्रदर्शनकारी, BSF की भी तैनाती
जेपी गोलंबर की बैरिकेडिंग तोड़ने के बाद प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए, जहां पहले से भारी पुलिस बल और सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए BSF के जवानों को भी तैनात किया गया। मौके पर वाटर कैनन और आंसू गैस के साथ जवान मुस्तैद रहे। पुलिस अधिकारियों ने लगातार हालात पर नजर रखी और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने की कोशिश की।
छात्रों की मांग- धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, NTA को किया जाए खत्म
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल NEET पेपर लीक तक सीमित नहीं है। उन्होंने बिहार की भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, TRE-4 नोटिफिकेशन और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की भी मांग उठाई। छात्रा मनीषा और पटना यूनिवर्सिटी की छात्रा सबा अफरीन ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए और NTA को भंग कर नई व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
ये भी पढे़ं: कौन हैं मनोज जरांगे? जिनके एक इशारे पर सड़कों पर उतर आता है जनसैलाब, CJP के साथ दिल्ली में डालेंगे डेरा!
पुलिस पर पथराव, IG की एस्कॉर्ट गाड़ी पर हमला
डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान हालात और तनावपूर्ण हो गए। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर बोतलें और चप्पलें फेंकी गईं। इसी दौरान पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला हुआ, जिससे वाहन के शीशे टूट गए और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति बिगड़ने पर आईजी ने प्रदर्शनकारियों को डिटेन करने के निर्देश दिए। पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर हालात को नियंत्रित करने की कोशिश जारी रही।


Click it and Unblock the Notifications
