सीएम नीतीश कुमार के चुनावी घोषणा पर अमल, जल्द मिलेगा स्नातक पास छात्राओं को 50 हजार रुपये
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने घोषणा की थी कि अगर फिर से प्रदेश में उनकी सरकार बनी तो स्नातक कक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं को 50-50 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी। उस घोषणा पर अमल करना शुरू हो गया है।

प्रदेश के शिक्षा विभाग ने मुख्यमंत्री स्नातक बालिका प्रोत्साहन योजना बैंक के तहत छात्राओं के बैंक खाते में प्रोत्साहन राशि भेजने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को वित्त विभाग के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उसके बाद कैबिनेट से मंजूरी मिलेगी। मुख्यमंत्री स्नातक बालिका प्रोत्साहन योजना में राशि की बढ़ोतरी होने पर करीब डेढ़ लाख स्नातक उत्तीर्ण लड़कियों का लाभ मिलेगा।
वर्तमान में स्नातक पास छात्राओं को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। पिछले वर्ष करीब 1.4 लाख लाभुकों के आवेदन आए थे, जिनमें से 84 हजार 344 छात्राओं को प्रोत्साहन राशि भेजी जा चुकी है। बाकी लाभुकों के आवेदन में कमियां होने के चलते उन्हें विश्वविद्यालयों को वापस कर दिया गया है।
राज्य सरकार से मान्यता व संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों से स्नातक पास छात्राओं को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। साल 2019-20 में इस योजना के लिए शिक्षा विभाग ने दो सौ करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। इस वित्तीय वर्ष साल 2020-21 में तीन सौ करोड़ का प्रावधान किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications