बिहारः 2762 नए मामलों के साथ ही प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या 57 हजार के पार
पटना। बिहार में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन हजारों की संख्या में संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। कोरोना के 2762 नए मामलों के साथ ही प्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या 57270 हो गई है, जिनमें से 36637 मरीज ठीक हो चुके हैं और 20310 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। वहीं अब तक 312 लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार में कोरोना मरीजों की रिकवरी 63.97 प्रतिशत है।
Recommended Video

पटना जिले में 442 नए कोरोना के मरीज मिले हैं। इन नए मामलों के साथ ही राजधानी पटना में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 9358 हो गई है। पटना के अलावा जिन जिलों में कोरोना के मामले बढ़े हैं, उनमें गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, रोहतास और भागलपुर शामिल है। बिहार सरकार ने कोरोना की रोकथाम के लिए अब एक एप लॉन्च किया है।
इस एप को संजीवन नाम दिया गया है। इस एप पर लोग कोरोना संक्रमण से बचने के उपाय, जांच, उपचार और नजदीकी अस्पताल में खाली बेड की जानकारी घर बैठे ले सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट पर जाकर इस एप को डाउनलोड कर सकेंगे।
बिहार में नवादा को लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चंदन सिंह परिवार समेत कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चंदन सिंह के कोरोना होने पर केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने ट्वीट कर चिंता जाहिर की। वहीं सीपीआई के राज्य सचिव सत्यनारायण सिंह की कोरोना से मौत हो गई। सिंह का इलाज पटना के एम्स में चल रहा था।

सत्यनारायण सिंह को तीन दिन पहले प्लाजमा भी डोनेट किया गया था। सिंह एक हफ्ते पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। उस वक्त वह पैतृक गांव देवका में थे। वहीं जदयू विधायक सुनील चौधरी भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सुनील चौधरी पटना के बेनीपुर से विधायक हैं।
वहीं लालू यादव की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित आवास पर 13 कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यहां उनके साथ उनके दोनों बेटे तेज प्रताप और तेजस्वी यादव साथ रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications