पटनाः बीच गंगा में नाव हाईटेंशन तार की चपेट में आई, 38 लोग घायल, 12 हुए लापता
पटना। बिहार की राजधानी पटना के कच्ची दरगाह घाट के पास यात्रियों से भरी एक नाव हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई, जिसके चलते नाव में सवार 38 लोग घायल हो गए। वहीं 12 लोग लापता हो गए। लापता लोगों के घरवालों ने कच्ची दरगाह घाट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों को हादसे की सूचना दी। हादसे में लापता लोगों में रुस्तमपुर निवासी मुन्ना कुमार, उमा शंकर राय और मल्लिकपुर निवासी राजेश राय व निखिल राय शामिल हैं। लापता लोगों को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है। घटनास्थल पर मौजूद फतुहा के डीएसपी ने तीन लोगों के लापता होने की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि बीती देर रात नाव कच्ची दरगाह से रुस्तमपुर के लिए चली थी। नाव पर कुल 38 लोग सवार थे। नाव जैसे ही बीच गंगा में पहुंची, नाव की पतवार कच्ची दरगाह से राघोपुर जाने वाली हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई, जिससे नाव पर सवार लोग झुलस गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग दूसरी नाव से मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन के दावों के मुताबिक नाव में करीब 100 लोग सवार थे।
हादसे में घायल लोगों का इलाज पीएमसीए और कच्ची दरगाह स्थित विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। लापता लोगों के परिजन जब प्रशासन को सूचना देंगे तभी गंगा में लापता लोगों का सही आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में राज्य सरकार के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले पर राज्य सरकार को सीधे तौर पर दोषी माना है।
उन्होंने कहा कि दियारावासियों को पिछले 15 सालों में अब तक पक्का पुल नहीं दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना था कि पक्का पुल नहीं होने के कारण मजबूरी में लोग अपने रोजी रोजगार को लेकर नाव की खतरनाक सवारी करने को मजबूर हैं।












Click it and Unblock the Notifications