Patna Airport: एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों का सामान 'लापता', 48 घंटे बाद भी नहीं मिला मुसाफिरों का सामान
Patna Airport: सोचिए आप सैकड़ों किलोमीटर की हवाई यात्रा करके अपने घर लौटें, लेकिन आपकी सबसे कीमती चीज़ें, आपके कपड़े, ज़रूरी दवाइयाँ, गिफ्ट्स और सामान सब गायब हों। जब आप एयरलाइंस से संपर्क करें, तो मोबाइल स्विच ऑफ मिले और लैंडलाइन फोन पर कोई जवाब न मिले! कुछ ऐसा ही हुआ है एयर इंडिया एक्सप्रेस की चेन्नई और बेंगलुरु से पटना आने वाली फ्लाइट्स के यात्रियों के साथ।
पटना एयरपोर्ट पर पिछले दो दिनों से दर्जनों यात्री अपने सामान की तलाश में चक्कर काट रहे हैं। खासकर रविवार और सोमवार को आई फ्लाइट्स के कई यात्रियों का सामान उन्हें अब तक नहीं मिला है। यात्रियों की शिकायत है कि एयरलाइंस द्वारा दिए गए संपर्क नंबर या तो बंद हैं या उन पर कोई रिस्पॉन्स नहीं आ रहा।

पटना निवासी डॉ. सत्यदीप ने बताया, कि "मेरी बहन और भांजी चेन्नई से लौटे थे। हमे सहरसा जाना था, ट्रेन का टिकट भी बुक था, लेकिन लगेज न मिलने की वजह से सब प्लान खराब हो गया। एयरलाइन की ओर से न कोई कॉल आया, न जवाब दिया गया।" कुछ यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें खुद एयरपोर्ट जाकर सामान खोजने के लिए कहा गया। लेकिन वहां पहुंचने पर भी उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला, बैग्स नहीं।
इस बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस के शिफ्ट इंचार्ज लावण्या नंदा बेहरा का दावा है कि "दोनों विमानों से सभी यात्रियों का सामान आ चुका है और सोमवार तक सभी को सामान सौंप दिया जाएगा।" हालांकि, जब मौके की हकीकत देखी गई तो कई यात्री अब भी खाली हाथ ही दिखाई दिए।
पटना एयरपोर्ट के निदेशक केएम नेहरा ने भी स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कहा कि उन्होंने एयरलाइन प्रतिनिधियों से बात की है। "कुछ यात्रियों ने आकर सामान ले लिया है, बाकी का सामान उनके पते पर भिजवाया जाएगा।" पर अब सवाल उठता है, क्या यह केवल एक लापरवाही है या किसी गहरी अव्यवस्था का संकेत?
यात्रियों की बढ़ती संख्या, सीमित संसाधन, और कमज़ोर जवाबदेही ने पटना एयरपोर्ट को इन दिनों एक 'हवाई रहस्य' के केंद्र में ला खड़ा किया है। अब देखना यह है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस अपने वादे पर कितनी जल्दी अमल करती है, या फिर ये मामला भी उन अनगिनत 'लापता सामान' वाली फाइलों में दफन हो जाएगा!












Click it and Unblock the Notifications