Ram Mandir: मां जानकी की जन्मस्थली से शुरू की पदयात्रा, प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने पैदल निकल पड़े रामभक्त
Ram Mandir: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित होने वाली प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए लोगों में काफी धूम देखने को मिल रही है। भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में बिहार के दो भक्त प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। बुधवार से उन्होंने पैदल यात्रा की शुरुआत की है।
बिहार के पुनौरा धाम (मां जानकी की जन्मस्थली) से दो युवा पैदल यात्र के ज़रिए अयोध्या पहुंचने वाले हैं। दोनों युवा करीब 383 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए अयोध्या पहुंचेंगे। भागलपुर के शाश्वत कुमार और वैशीली के रवि रंजन कुमार सिंह पैदल यात्रा करते हुए अयोध्या दर्शन के लिए निकल चुके हैं।

बिहार के दोनों युवाओं ने मां जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम (सीतामढ़ी) से पैदल यात्रा की शुरुआत की है। पूर्वी चंपारण से गोपालगंज होते हुए दोनों 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंचेंगे।
शाश्वत और रवि रंजन की पहली मुलाक़ात अयोध्या में हुई थी। इसी दौरान उन्होंने प्रण लिया था कि राम मंदिर का उद्घाटन के दिन ही दर्शन करेंगे। इसलिए ही रोज़ाना 25 से 30 किलोमीटर पैदल ही सफर कर रहे हैं। आपको बता दें कि रवि रंजन कुमार 10 माह में 15 प्रदेशों का साइकिल से सफर तय कर चुके हैं।
अपनी साइकिल यात्रा के दौरान रवि रंजन पांच केंद्र शासित राज्य और 10 ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कर चुके हैं। वहीं शाश्वत कुमार 80 दिनों में भागलपुर से केदारनाथ तक 1 हज़ार 400 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर चुके हैं।
आपको बता दें कि 22 जनवरी को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी जोरों से चल रही है। भाजपा इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से जुटी हुई है। वहीं देश भर के विभिन्न राज्यों में लोगों को प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए निमंत्रण भी दिया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications