OI Ground Report: महिला आरक्षण और युवा आयोग: बिहार की राजनीति में बदलाव की दस्तक या सिर्फ चुनावी चाल?
OI Ground Report: बिहार की सियासत एक बार फिर करवट ले रही है। महिला आरक्षण और युवा आयोग की घोषणा ने जहां एक ओर सामाजिक न्याय की उम्मीद जगाई है, वहीं दूसरी ओर इस पर सियासी सवाल भी खड़े हो रहे हैं। आइए नीति बनाम राजनीति के नजरिए से इस पूरे मुद्दे का सियासी गणित समझते हैं।
NDA का पक्ष, इरादे बड़े, सोच समावेशी?
नीतीश सरकार और NDA नेताओं ने महिला आरक्षण और युवा आयोग को "समाज में समावेशिता का प्रतीक" बताया है। जदयू नेता मोहम्मद आज़ाज का दावा है कि, 35% आरक्षण महिलाओं को सिर्फ नौकरी में नहीं, बल्कि नीति निर्धारण में भी भागीदारी देगा।

युवा आयोग राज्य के युवाओं की आवाज़ बनेगा और उनके मुद्दों को सिस्टम में जगह मिलेगी। लेकिन सवाल यह है। क्या सिर्फ घोषणा से सामाजिक बदलाव आएगा, या इसके लिए ज़मीनी तैयारी भी है?। चुनाव से कुछ महीने पहले घोषणा को अमलीजामा पहनाया जा सकेगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
महागठबंधन का हमला, खोखली घोषणा या जनहित की चिंता?
महागठबंधन ने इन कदमों को "राजनीतिक स्टंट" करार दिया है। महागठबंधन के नेताओं ने (राजेश चौधरी (सीपीआई), मोहम्मद अब्दुल जब्बार, (राजद), मोहम्मद असदुल्ला (सीपीआई), युवा नेता मोहम्मद मेराज ने नीतीश सरकार के फ़ैसले पर कई सवाल उठाए हैं।
महागठबंधन के नेताओं ने सवाल किया है कि क्या यह आरक्षण संविधान के दायरे में है या भविष्य में कोर्ट में अटक जाएगा?, क्या युवा आयोग सिर्फ एक प्रतीकात्मक संस्था होगा या उसे पर्याप्त अधिकार मिलेंगे?, क्या सरकार ने ग्रामीण और पिछड़े वर्गों की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखा? उनका कहना है कि नीति जितनी अच्छी हो, अगर क्रियान्वयन ढीला है तो उसका असर भी उतना ही सीमित होगा।
तीन सबसे अहम सवाल:
क्या यह सिर्फ एक चुनावी घोषणा है या सच में सामाजिक बदलाव की बुनियाद?
क्या युवा आयोग को ज़मीनी स्तर पर समस्याएं सुनने और हल करने का अधिकार मिलेगा?
क्या इससे राज्य में जेंडर और जनरेशन गेप को पाटने की दिशा में सार्थक पहल होगी?
नीति से जमीनी असर तक आगे क्या होगा?
इस पर विधानसभा में तीखी बहस तय है। कोर्ट में याचिकाएं भी संभव हैं, खासकर आरक्षण के कानूनी पहलुओं को लेकर। जनता के बीच इसका असर केवल तब दिखेगा जब सरकार स्पष्ट गाइडलाइन और बजट के साथ सामने आए। अगर कार्यान्वयन में देरी हुई, तो यह "काग़ज़ी क्रांति" बनकर रह जाएगी।
क्या कहते हैं एकस्पर्ट्स?
चुनावी रणनीतिकार बद्रीनाथ का कहना है कि बिहार में महिलाओं और युवाओं के लिए यह कदम ऐतिहासिक हो सकता है। अगर इसे निष्पक्ष, पारदर्शी और स्थायी रूप से लागू किया जाए। राजनीति में घोषणाएं आसान होती हैं, लेकिन बदलाव लाने के लिए संकल्प, संसाधन और सिस्टम में भरोसा जरूरी होता है।












Click it and Unblock the Notifications