Nitish Kumar: सीएम नीतीश ने अचानक रद्द किया तमिलनाडु दौरा, सामने आई यह वजह
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तमिलनाडु का अपना दौरा अचानक रद्द कर दिया है। नीतीश कुमार आज (20 जून) तिरुवरूर में नवनिर्मित करुणानिधि स्मारक का उद्घाटन करने वाले थे। इसे द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की शताब्दी वर्ष में उनकी स्मृति में बनाया गया है। लेकिन कथित तौर पर 'अचानक खराब स्वास्थ्य' के कारण यात्रा रद्द कर दी गई है।
नीतीश की जगह तेजस्वी और संजय झा करेंगे मुलाकात
पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को चेन्नई जाना था। लेकिन अब अचानक दौरा रद्द करने की वजह से नीतीश कुमार की ओर से जेडीयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री संजय झा को चेन्नई भेजा गया है। यानी अब तेजस्वी यादव और संजय झा ही अब एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे और कार्यक्रम में भाग लेंगे।

विपक्षी दलों की बैठक पर भी होनी थी चर्चा
तमिलनाडु यात्रा के दौरान नीतीश कुमार और एमके स्टालिन के साथ बातचीत करने के लिए समय भी निर्धारित किया गया था। स्टालिन के अलावा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, एनसीपी नेता शरद पवार, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे और कुछ और विपक्ष बैठक में शामिल होने के लिए नेताओं ने अपनी सहमति दे दी है।
सीएम नीतीश लगातार खड़गे और राहुल गांधी के संपर्क में
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के संपर्क में हैं। सूत्रों ने कहा कि इस तरह की दूसरी बैठक के दौरान विपक्षी एकता को मजबूत करने के रोडमैप और पटना में विपक्षी नेताओं की संभावित बैठक पर चर्चा हुई। 2024 के आम चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए विपक्ष की एकता को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications