नीतीश सरकार में मंत्री राम सूरत राय ने कहा- बिहार में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार है, JDU ने जताया एतराज
पटना। एक तरफ जहां बिहार में राज्य सरकार प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त होने का दावा करती है। वहीं सरकार में नवनिर्वाचित मंत्री राम सूरत राय ने भ्रष्टाचार पर बयान देकर अपनी ही सरकार को फजीहत में डाल दिया है। दरअसल, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री राम सूरत राय ने कहा कि बिहार में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मेरे विभाग में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। मेरे विभाग में भी गलत तरीके से जमीन का दाखिल खारिज होता है।

वहीं मंत्री राम सूरत राय के इस बयान पर जदयू ने आपत्ति जताई है। जदयू एमएलसी खालिद अनवर ने कहा कि राम सूरत राय नए मंत्री बने हैं। उन्हें अंदाजा नहीं है कि नीतीश कुमार की सरकार भ्रष्टाचार के मामले में जीरो टॉलरेन्स की सरकार है। बिहार पहला राज्य है, जहां भ्रष्टाचार के मामले में बड़े-बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है। नीतीश कुमार भ्रष्टाचार से समझौता नहीं कर सकते हैं।
वहीं इस मामले में विपक्ष ने भी सरकार को आड़े हाथों ले लिया है। कांग्रेस और राजद ने सरकार से जांच की मांग करते हुए कहा है कि अगर वर्तमान मंत्री अपने विभाग में भ्रष्टाचार की बात स्वीकार कर रहे हैं तो पूर्व मंत्रियों के कार्यकाल की जांच होनी चाहिए।
राजद नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि मंत्री ने सरकार की सच्चाई को सामने लाया है। ये सच्चाई है और सरकार को इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। राजद नेता ने कहा कि अगर ये बात आम लोग कहते तो नहीं मानते लेकिन खुद मंत्री ये बात कह रहे हैं। विपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार की नीतीश सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications