नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर बिहार सरकार सख्त, सीमा पर होगी जांच और एयरपोर्ट पर लग रही है वैक्सीन
पटना। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने सभी राज्यों की नींद उड़ा दी है। वायरस की रोकथाम के लिए राज्य की सीमाओं पर बिहार सरकार ने चौकसी बढ़ा दी है। गृह मंत्रालय के आदेश के बाद अब बिहार से लगने वाली सभी सीमाओं पर कोरोना जांच की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए संबंधित सिविल सर्जन को आदेश दिया गया है। साथ ही ट्रेन और फ्लाइट के साथ दूसरे माध्यमों से बिहार आने वालों की जांच को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है। बता दें कि गृह मंत्रालय ने दुकानों और प्रतिष्ठानों में सभी के लिए हमेशा मास्क पहनना जरूरी कर दिया है।

काउंटर पर दुकानदार द्वारा कर्मियों और ग्राहकों के इस्तेमाल के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा दुकानों में केवल कोविड टीका लेने वालों को ही काम करने की अनुमति दी जाएगी। बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 5 नए मामले सामने आए हैं। इनमें पटना-समस्तीपुर में दो-दो और भागलपुर में एक मामला प्रकाश में आया है। बता दें कि अब तक बिहार में कुल 7 लाख 26 हजार 230 लोगों को कोरोना संक्रमण हुआ, जिनमें से 7 लाख 16 हजार 534 लोग स्वस्थ हो गए। जबकि 9 हजार 664 लोगों की जान चली गई। बिहार में अभी कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 31 है।
Recommended Video
हाल ही में विदेश से पटना लौटे 165 लोगों के सैंपल में से 119 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अन्य 46 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। पटना के 560 लोग इस लिस्ट में हैं, जिनमें से 230 लोगों से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क किया है।
वहीं पटना एयरपोर्ट पर लोग खुद से वैक्सीन ले रहे हैं। पिछले 48 घंटों में 125 लोगों ने वैक्सीन ली है और लगभग 500 से अधिक लोगों की एंटीजन और आरटी पीसीआर जांच कराई गई है। सरकार ने एयरपोर्ट पर अलर्ट किया है, लगातार हेल्थ वर्करों की संख्या बढ़ाई जा रही है। गुरुवार शाम 4 बजे तक पटना में 50 से अधिक लोगों ने वैक्सीनेशन कराया है। इससे पहले बुधवार को पटना एयरपोर्ट पर 70 से अधिक लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications