नवादाः बुखार और टाइफाइड के चलते अब तक एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, अन्य का इलाज जारी
नवादा। बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बारातांड गांव में एक ही परिवार के लोगों की बुखार और टाइफाइड से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को फिर एक 8 साल की बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मृतक बच्ची रामविलास राजवंशी की बेटी थी। बता दें कि अब तक इस परिवार के कुल पांच लोगों की इसी बीमारी से मौत हो चुकी है, जिसमें 3 बच्चियां और दो महिलाएं शामिल हैं। रामविलास मांझी की तीन बेटियां, पत्नी और भाभी की इस बुखार से अब तक मौत हो चुकी है।

बीमार होने के बाद इसी परिवार के कुछ सदस्य इलाज के बाद ठीक भी हुए हैं जिसमें एक बच्ची निभा कुमारी को काफी गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल लाया गया था जहां डॉक्टरों की कोशिश के चलते उसकी जान बच गई और अब वह बिल्कुल स्वस्थ है मगर इन सबके बीच जानलेवा बुखार और टाइफाइड से इस परिवार के अब तक कुछ कुल 5 सदस्य की मौत हो चुकी है।
बीते 14 अगस्त तक रामविलास राजवंशी की दो बेटी और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। उसके बाद उनकी दो बेटी और भाभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी भाभी की इलाज के दौरान पावापुरी विम्स में मौत हो गयी।
शुरुआती दौर में पाया गया कि बच्ची को सिर दर्द और तेज बुखार से पीड़ित पाया गया है। बच्ची में टाइफाइड भी पाया गया है। खून में हीमोग्लोबिन की भी कमी पाई गई है। अस्पताल में बाहर से दवा लाकर इलाज किया जा रहा था। एक के बाद एक कुल 4 लोगों की मौत होने के बाद जिलाधिकारी यशपाल मीणा पीड़ित के गांव बारातांड पहुंचे थे। मेडिकल की एक बड़ी टीम को लेकर पहुंचे डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने इलाके के पानी को भी जांचने के आदेश दिए थे। साथ ही साथ पूरे गांव में लोगों को शत प्रतिशत कोरोना वैक्सीन देने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications