मुजफ्फरपुरः शराब तस्करों की गैंगवार में बर्खास्त पुलिसकर्मी की हत्या, तस्करी के आरोप में हुई थी कार्रवाई
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में दो बड़े गैंग के बीच चली टसल में बुधवार की देर शाम नवादा के ब्रजेश सिंह की निर्ममता से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसके सिर में गोली मारने के बाद लाश को बोरी में बंद कर सरैया के सिरकोहिया हाई स्कूल के पीछे सरसों के खेत में फेंक दिया गया। जैतपुर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि मृतक ब्रजेश शराब तस्करी मामले में पहले ही जेल जा चुका था। वह शराब तस्करी के चलते पुलिस में सिपाही के पद से बर्खास्त था।

इसके बाद वह नवादा गांव में एसएच 86 किनारे एक ढाबा भी चला रहा था। मृतक सिपाही की हत्या का आरोप सिरकोहिया गांव के टुड्डू पर लग रहा है। उसके पिता ब्रिज किशोर सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। टुड्डू के दरवाजे से ही ब्रजेश की बुलेट बाइक को बरामद की गई है। मृतक सिपाही ब्रजेश सिंह का बड़ा भाई पश्चिमी क्षेत्र का कुख्यात शराब तस्कर मिथिलेश सिंह अभी जेल में बंद है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मिथिलेश सिंह की अदावत चुन्नू ठाकुर से रही है। बुधवार की रात को हाई-स्कूल के पास तीन से चार राउंड फायरिंग की आवाज सुनी गई। आरोपित टुड्डू भी शराब से जुड़े मामले में एक माह पहले ही जेल से छूटा है।
बताया जाता है कि ब्रजेश जब सिरकोहिया पहुंचा तो साजिश के तहत उसे गोली मार दी गई। ब्रजेश सिंह नवादा गांव के दिवंगत अवधेश सिंह का बेटा था। अवधेश सिंह बिहार पुलिस में हवलदार थे और सेवाकाल में ही उनकी मृत्यु के बाद अनुकंपा पर ब्रजेश को पुलिस की नौकरी मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications