मोतिहारीः डिवाइडर से टकराई कार और तीन की मौत, बहन की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में तिलावे नदी के पुल पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके चलते कार में सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। मृतकों की शिनाख्त रामगढ़वा चिकनी गांव के रहने वाले बिजली साह के बेटे रोहित साह, रामगढ़वा बाजार के रहने वाले विनोद प्रसाद के बेटे प्रिंस कुमार उर्फ गोलू कुमार व रामगढ़वा बाजार के रहने वाले केदार प्रसाद के बेटे दीपक कुमार के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल रामगढ़वा बाजार के रहने वाले राजेंद्र प्रसाद के बेटे रविप्रकाश की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है।

रहमनिया अस्पताल मोतिहारी से डॉक्टरों ने उसे पटना के लिए रेफर कर दिया है। कार पर सवार रामगढ़वा बाजार के नीरज प्रसाद का पुत्र संजीव कुमार खतरे से बाहर है। केवल उसके पैर में चोट आई है। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार से 6 दोस्त बारिश का लुत्फ उठाते हुए रक्सौल की तरफ जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने अमोदेई के पास पेट्रोल पंप से कार में पेट्रोल लिया। इसके बाद रामगढ़वा वापस लौटने के दौरान तिलावे नदी पुल पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
इसके बाद कार पुल की रेलिंग से टकराई। इस हादसे में रोहित साह का सीना स्टेयरिंग से दब गया। वहीं दीपक कुमार का सिर फट गया। प्रिंस कुमार के भी सीने में चोट लगी। इसके चलते रोहित साह के अलावा दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोग रोहित साह को घर लाए फिर इलाज के लिए ले जाने लगे तभी उसकी मौत हो गई। रोहित साह की बहन की शादी 3 जून को होने वाली है। वहीं, इस घटना में मृत प्रिंस कुमार के चाचा अजय गुप्ता की मौत एक सप्ताह पूर्व कोरोना के कारण हो गई थी। सभी युवक मित्र थे और सभी की उम्र 20-30 वर्ष थी।












Click it and Unblock the Notifications