Bihar Politics: लालू यादव के जश्न से चढ़ा बिहार का सियासी पारा, मांझी बोले—'AK-47 से उड़ाने की तैयारी है क्या?
Bihar Politics: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष और बिहार की राजनीति के धुरंधर नेता लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास पर अपना 78वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर उनके समर्थकों ने उन्हें 78 किलो का लड्डू से बना केक भेंट किया, जिसे उन्होंने तलवार से काटा।
यह दृश्य सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। तलवार से केक काटते हुए लालू यादव का वीडियो कई प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जाने लगा। लेकिन इस जश्न पर सियासत गरमा गई। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक जीतनराम मांझी ने लालू यादव पर तंज कसते हुए कहा-

"लाठी में तेल पिलवाकर समाज को बांटने वालों के व्यवहार में बदलाव आ ही नहीं सकता। आज जब सरकार में नहीं हैं तो साहेब तलवार से केक काट रहे हैं, गलती से बेटवा कुछ बन गया तो AK-47 से केक को उड़ाया जाएगा। है ना लालू जी? खैर, जन्मदिन की बधाई।"
यह ट्वीट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर तमाम प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे सादा जश्न बता रहे हैं, तो कुछ इसे "दिखावे की गुंडई" से जोड़ रहे हैं। बिहार की राजनीति में लालू यादव का अंदाज़ हमेशा से चर्चा में रहा है-चाहे वो मंच से भाषण देना हो या जश्न मनाने का तरीका।
लालू यादव के समर्थकों का कहना है कि तलवार केवल प्रतीकात्मक है और किसी प्रकार की हिंसक मानसिकता से इसका कोई लेना-देना नहीं है। तलवार से केक काटना महज़ उत्साह का प्रदर्शन हो सकता है, लेकिन जब बात लालू यादव जैसी राजनीतिक शख्सियत की हो, तो हर हरकत पर राजनीति होना तय है। राजनीतिक विरोधियों को हमला बोलने का मौका मिल गया है, खासतौर पर जब महागठंबधन और एनडीए के बीच चुनावी बयानबाज़ी जारी है।












Click it and Unblock the Notifications