Bihar Assembly Election 2025: चुनाव से पहले घिरा लालू परिवार! 23 जुलाई को होगा सियासी भविष्य का फैसला?
Bihar Assembly Election 2025 News: बिहार में विधानसभा चुनाव की हलचल तेज है, लेकिन ठीक चुनावी मोड़ पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के लिए एक नई मुश्किल खड़ी हो गई है। IRCTC घोटाला और जमीन के बदले नौकरी मामले में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव के खिलाफ CBI की विशेष अदालत 23 जुलाई को बड़ा फैसला सुनाने वाली है।
सवाल उठ रहा है कि क्या ये फैसला लालू परिवार को मुश्किल में डाल सकता है? यह पूरा मामला उस वक्त का है जब लालू प्रसाद यादव ((2004-2009) तक रेल मंत्री थे। CBI का आरोप है कि रेलवे की नौकरियों के बदले कुछ लोगों से जमीन ली गई, और नियमों को ताक पर रखकर उन्हें ग्रुप डी की नौकरी दी गई। CBI के मुताबिक़, चयन के लिए फर्जी सर्टिफिकेट और दस्तावेज़ों का भी इस्तेमाल हुआ।

कानूनी मोर्चे ने लालू परिवार की टेंशन बढ़ा दी है, सभी की निगाहें इस पर टिकी हुईं हैं कि IRCTC घोटाले में 23 जुलाई को CBI कोर्ट में यह फ़ैसला होगा कि लालू परिवार पर आरोप तय होंगे या नहीं। दूसरी ओर, 'जमीन के बदले नौकरी' घोटाले में CBI की बहस लगभग पूरी हो चुकी है और जुलाई में फैसले की संभावना जताई जा रही है।
इस केस में 103 आरोपियों में से 4 की मौत हो चुकी है, और बाकी पर ट्रायल चल रहा है। तेजस्वी यादव पर संकट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। CBI और ED दोनों इस मामले की जांच कर रहे हैं। अगर कोर्ट आरोप तय करती है, तो तेजस्वी यादव की चुनावी भूमिका पर भी असर पड़ सकता है।
RJD इस मुद्दे को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है, लेकिन कोर्ट का फैसला उनकी रणनीति की दिशा तय करेगा। वहीं इसके मामले का सियासी गणित समझें तो NDA इस पूरे प्रकरण को "भ्रष्टाचार का प्रतीक" बताकर जनता के बीच जा सकता है। RJD इसे "CBI और ED के राजनीतिक इस्तेमाल" के रूप में प्रोजेक्ट कर सकती है।
मगर एक सवाल लोगों के ज़ेहन में ज़रूर गूंज रहा है कि क्या लालू परिवार की सियासत अब कोर्ट से चलेगी या जनता के आशीर्वाद से। बिहार की राजनीति एक बार फिर कानूनी और सियासी तूफान के बीच फंस गई है। 23 जुलाई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि वह दिन हो सकता है जब RJD के चुनावी समीकरण, नेतृत्व और भविष्य की राजनीति तय हो जाए। और तब तय होगा कि RJD सत्ता की ओर बढ़ेगी, या जेल की ओर?












Click it and Unblock the Notifications