बिहारः एक महीने बाद आज से खुले स्कूल-कॉलेज, पार्क व सिनेमा हॉल, जानें क्या है नई गाइडलाइन
पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले कम होने पर राज्य की नीतीश सरकार ने प्रतिबंधों में बड़ी रियायत का ऐलान कर दिया है। सोमवार से सभी शिक्षण और प्रशिक्षण व कोचिंग संस्थान खुल गए। 8वीं तक के स्कूल और कोचिंग संस्थान 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ खोले जा सकेंगे। वहीं 9वीं एवं उच्चतर कक्षाओं से संबंधित स्कूल और कॉलेज, कोचिंग व छात्रावास व उनके कार्यालय 100 प्रतिशत उपस्थिति के साथ संचालित होंगे। अन्य प्रशिक्षण संस्थान भी शत-प्रतिशत उपस्थिति के साथ खुल सकेंगे। वहीं प्रदेश में अब नाइट कर्फ्यू को भी खत्म कर दिया गया है।

Recommended Video
रविवार को आपदा प्रबंधन ग्रुप की बैठक में कोरोना की स्थिति की समीक्षा के बाद सीएम नीतीश कुमार ने रियायतों की घोषणा की। नई गाइडलाइन 7 फरवरी से 13 फरवरी तक प्रभावी होगी। गृह विभाग के इपर मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद ने नई घोषणा और जारी किये गए आदेश की जानकारी दी।
नए नियम के मुताबिक दुकानें व प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुल सकेंगे। पहले रात 8 बजे तक ही दुकानों को खोलने की अनुमति थी। दुकानों व प्रतिष्ठानों में हमेशा मास्क पहनना अनिवार्य होगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा। पार्क एवं उद्यान सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक खुल सकेंगे। शादी समारोह में 200 लोग शामिल हो सकेंगे। लेकिन डीजे एवं बारात जुलूस की अनुमति नहीं होगी। स्थानीय थाना को विवाह की सूचना तीन दिन पहले देनी होगी। अंतिम संस्कार व श्राद्ध कार्यक्रम में 200 व्यक्ति शामिल हो सकेंगे।
सभी प्रकार के सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन जिला प्रशान की पूर्वानुमति से आयोजित किये जा रहे हैं। सिनेमा हॉल दर्शकों की कुल क्षमता के 50 फीसदी के साथ संचालित होंगे। रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकानें बैठने की क्षमता के साथ 50 प्रतिशत उपयोग के साथ संचालित होंगी। क्लब, जिम एवं स्विमिंग पूल 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ तथा स्टेडियम और स्पोर्ट्स काम्पलेक्स सामान्य रूप से खोले जा सकेंगे।
सभी धार्मिक स्थल सामान्य रूप से खुलेंगे। पहले ये पूरी तरह से बंद थे। सरकारी व गैरसरकारी कार्यालय में 100 फसीदी उपस्थिति के साथ काम होगा। कार्यालय में सिर्फ कोविड टीका लेने वाले आंगतुकों के प्रवेश की अनुमति होगी। न्यायिक प्रशासन के बार में हाईकोर्ट के द्वारा लिया गया निर्णय प्रभावी होगा। सार्वजनिक परिवहन में निर्धारित क्षमता के 100 फीसदी उपयोग की अनुमति रहेगी।
पटना जू 7 फरवरी से नहीं बल्कि 8 फरवरी से खुलेगा, क्योंकि पटना जू में सोमवार को साप्ताहिक बंदी होती है। संजय गांधी जैविक उद्यान के अधिकारिक वेबसाइट zoopatna.com पर जाकर आप ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर सकते हैं। वेबसाइट में आपको ऑनलाइन बुकिंग का ऑप्शन दिखेगा, जहां से आप टिकट की बुकिंग कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications