'Khan Sir ने मेरा संस्थान हड़प लिया, वो धोखेबाज', कौन हैं निखिल? फैजल खान पर लगाए धमकी देने के आरोप
Khan Sir: बिहार के लोकप्रिय शिक्षक खान सर इन दिनों विवादों में घिरे हैं, कोचिंग फायरिंग विवाद के चलते पटना में हंगामा बरपा हुआ है तो वहीं अब उन पर कोचिंग संस्थान को हड़पने का आरोप लगा है, जिसे कि उनके पूर्व पार्टनर निखिल सर ने लगाया है। 'बिहार तक' की खबर के मुताबिक खान सर उर्फ फैजल खान को उनके पूर्व बिजनेस पार्टनर निखिल सर ने धोखेबाज कहा है।
आपको बता दें कि निखिल सर 'टारगेट' कोचिंग संस्थान के पूर्व निदेशक हैं, उनका आरोप है कि आज जिस कोचिंग सेंटर पर खान सर राज कर रहे हैं वो मेरा था, साल 2019 में खान सर ने उन्हें डरा-धमकाकर और दिमागी दबाव बनाकर इस पूरे संस्थान को जबरन अपने कब्जे में ले लिया था।'

कौन है निखिल सर?
निखिल सर का पूरा नाम निखिल कुमार है और वो मूल रूप से बिहार के पटना के ही रहने वाले हैं और जिले के जाने-माने शिक्षकों में से एक हैं । वो एक कोचिंग संचालक हैं और क्षेत्रिय इलाके में काफी लोकप्रिय हैं।
मुसल्लहपुर हाट से शुरू हुआ था शुरुआती सफर
निखिल सर ने कहा कि 'जब खान सर पहली बार पटना के मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में पढ़ाने आए थे, तब उनकी आर्थिक स्थिति बिल्कुल सामान्य थी। उन्होंने शुरू में किसी अन्य कोचिंग संस्थान में पढ़ाना शुरू किया था, मैंने ही उन्हें अपने कोचिंग संस्थान में पढ़ाने का मौका दिया था, शुरुआती दौर में खान सर को इस संस्थान में पढ़ाने के बदले 50 रु प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान किया जाता था।'
आय की हिस्सेदारी को लेकर एक लिखित समझौता हुआ
'कुछ समय के सफल संचालन के बाद हम दोनों के बीच आय की हिस्सेदारी को लेकर एक लिखित समझौता हुआ। धीरे-धीरे छात्रों की संख्या काफी बढ़ गई, जिसके बाद कोचिंग का विस्तार करने के लिए इसे एक बड़े और नए परिसर में स्थानांतरित किया गया था।'

'मेरे संस्थान हड़पने की साजिश रची खान सर ने', पूर्व पार्टनर का आरोप
'हमारे बीच के रिलेशनशिप क्लीयर थे, मुझे लगा था कि हम आगे भी इसी प्रेम-सौहार्द के साथ आगे बढ़ेंगे, मैंने उन पर भरोसा किया था लेकिन साल 2019 में जब उनकी लोकप्रियता बढ़ी तो उनके स्वभाव में काफी परिवर्तन आ गया था। वो यूट्यूब और ऑनलाइन क्लास में काफी मशहूर हो गए थे, तब मुझ पर उन्होंने चौतरफा दबाव बनाया गया और कुछ अज्ञात दस्तावेजों पर उनके जबरन दस्तखत ले लिए गए, जिनके दम पर संस्थान हड़पने की साजिश रची गई।'
'संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर खान सर ने कोचिंग संस्थान हड़प लिया'
निखिल सर का यह भी कहना है कि 'उनके पास उस शुरुआती दौर से जुड़े कई अहम दस्तावेज अब भी मौजूद हैं। इन कागजात में उस समय का मूल किराया समझौता और परिसर के बिजली बिल जैसा अन्य आधिकारिक रिकॉर्ड शामिल हैं, जो ये बात पूरी तरह से साबित कर देंगे कि ये कोचिंग संस्थान हम दोनों का था लेकिन खान सर ने बड़ी ही चालाकी से संदिग्ध दस्तावेजों को ही आधार बनाकर कोचिंग संस्थान पर मालिकाना हक घोषित कर दिया और मुझे ही बाहर का रास्ता दिखा दिया।'

फैजल खान पर लगाए धमकी देने के आरोप
निखिल सर ने कहा कि 'मेरे इस खुलासे के बाद मुझे और मेरे परिवार के लोगों को लगातार अज्ञात लोगों की ओर से धमकी दी जा रही है, अगर मुझे या मेरे परिवार को कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार खान ही होंगे, वैसे उन्होंने ये भी कहा है कि वो इस मामले में कानून की मदद लेंगे।'
20 जून तक खान सर की गिरफ्तारी पर पूरी तरह रोक
आपको बता दें कि खान सर पहले से ही पटना में हुए एक बड़े फायरिंग मामले को लेकर कानूनी पचड़ों में फंसे हुए हैं। इस पूर्व मामले में कोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए 20 जून तक खान सर की गिरफ्तारी पर पूरी तरह रोक लगाई है, जिससे उन्हें कानूनी कार्यवाही से सुरक्षा मिली हुई है।














Click it and Unblock the Notifications