Bihar News: क्या है कतला मछली की ख़ासियत, जिसे टेबल पर रख VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने क्रूज़ पर की बैठक
Mukesh Sahani Fish Party On Cruise: लोकसभा चुनाव के बाद अब राजनीतिक पार्टियों ने बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने भागलपुर में गंगा की लहरों के बीच क्रूज पर 43 किलो मछली के VIP नेताओं के साथ बैठक की।
बिहार सरकार में पूर्व मंत्री मुकेश सहनी, VIP प्रमुख बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षो से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुट जएं। पार्टी बैठक में टेबल पर दो कतला मछली भी रखी गई थी, जो कि चर्चा का विषय बनी हुई है। मछली की क्या खासियत है, यह हम आपको आगे बताएंगे।

'सन ऑफ मल्लाह' सहनी ने कहा कि कई लोग मेरे साथ मछली देख कर परेशान हो जाते हैं, लेकिन मेरा कर्म और धर्म मछली मारना, मछली खाना और मछली बेचना है। मछुआरा का मैं बेटा हूं। वहीं उन्होंने कहा कि भले ही लोकसभा चुनाव में VIP ने सीट नहीं जीती। लेकिन महागठबंधन और पार्टी का वोट शेयर बढ़ा है।
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए यह शुभ संकेत है। हम लोगों की अभी लड़ाई निषाद आरक्षण के लिए है। बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में जब तक निषादों को आरक्षण नहीं मिलेगा, संघर्ष संघर्ष जारी रहेगा। देश और बिहार की मौजूदा सरकार से जनता ऊब चुकी है। इसका संकेत लोकसभा चुनाव के परिणाम से मिल गया है। विधानसभा चुनाव में भी हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
मुकेश सहनी की क्रूज़ पर पार्टी एजेंडा तो आप जान गए, अब उस मछली की ख़ासियत जानते हैं, जिसे टेबल पर रखकर उन्होंने पार्टी बैठक की थी। इस मछली का नाम कतला है, इसकी पीठ पेट से ज्यादा बाहर की तरफ़ होती है और काले रंग के पंख होते हैं। मॉनसून के दौरान यह अंडा देती है। यह खाने में काफी ज़ायकेदार और प्रोटीन से भरपूर होती है।
कतला मछली खाने के फायदे की बात करें तो इसमें फैट्स कम होते हैं, भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है। इसे खाने से गठिया मर्ज़ से निजात मिलता है। इसके साथ ही जोड़ों की हड्डियां मज़बूत होती है। इसमे भरपूर मात्रा में रेटिनॉल पाया जाता है, जो कि जो विटामिन ए का ही एक प्रकार है।
कतला मछली के सेवन से त्वचा रोग से बचाव होता है। इसके अलावा आयोडीन, जिंक, पोटेशियम और सेलेनियम जैसे तत्व पाये जाते हैं। वहीं अस्थमा के लक्षणों से भी राहत मिलती है। इसके अलावा और भी कई फ़ायदे हैं। यह मछुआरे द्वारा मिली जानकारी है, किसी भी प्रकार के मरीज़ इस्तेमाल करने से पहले अपने डॉक्टर से मशवरा ज़रूर करें।












Click it and Unblock the Notifications