प्रेमिका मोबाइल लेकर भागी तो घर पहुंच गया प्रेमी, लड़की के घर वालों ने चटवाया थूक तो लगा ली फांसी
कैमूर। बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हाटा में शिवशंकर गुप्ता नाम के युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार की रात की है। मृतक युवक राजेश कुमार गुप्ता का बेटा था। शव उनके घर के एक कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बताया कि यह घटना एक लड़की के साथ उसके प्रेम संबंध से जुड़ी थी। मृतका के पिता ने दावा किया है कि पंचायत में कुछ लोगों के बीच थूक चटवाने और मारपीट की घटना के बाद उनके बेटे ने खुदकुशी की है।

घटनास्थल पर पहुंचे चैनपुर थानाध्यक्ष उदय भानू सिंह ने युवक के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा जिस लड़की से प्रेम करता था, वह उससे चार हजार रुपये की मांग कर रही थी। चार हजार रुपये नहीं देने पर लड़की उनके लड़केका फोन छीनकर ले गई। फिर 24 दिसंबर को उनका लड़का मोबाइल मांगने लड़की के घर पहुंचा।
उसी वक्त लड़की के पिता और उसके तीन भाइयों ने शिवशंकर के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद दोनों तरफ से विवाद हो गया तो आसपास के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समझाने की कोशिश की। मृतक युवक के पिता ने आरोप लगाया कि जब सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समझौता के लिए दोनों पक्षों को बुलाया और बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान लड़के से माफी मंगवाते हुए थूक भी चटवाया गया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि समाज में थूक चटवाने और लड़की के परिजनों द्वारा मारपीट किये जाने से प्रताड़ित होकर उसके बेटे शिवशंकर ने खुदकुशी की है।












Click it and Unblock the Notifications