The Kashmir Files को मांझी ने बताया आतंकियों की गहरी साजिश, कहा- फिल्म के सदस्यों की आतंकी कनेक्शन की हो जांच
पटना। फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर देश में एक तरफ जहां लोग समर्थन में हैं। वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग इस फिल्म का विरोध कर रहे हैं। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि इस फिल्म के चलते समाज में सांप्रदायिक भेदभाव बढ़ सकता है। वहीं जो लोग सपोर्ट कर रहे हैं उनका कहना है कि इस जघन्य घटना का सच सबके सामने आना चाहिए। अधिकांश जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां पर फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है। जिनमें बिहार, गोवा, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्य शामिल हैं।

इसी कड़ी में बिहार में विपक्ष समेत एनडीए गठबंधन के ही नेता इस फिल्म का विरोध कर रहे है। एनडीए गठबंधन के नेता जीतन राम मांझी भी इसका विरोध कर रहे है। उन्होंने तो फिल्म 'द कश्मीरी फाइल्स' को आतंकवादियों की गहरी साजिश कह दिया।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने ट्वीट कर लिखा कि द कश्मीर फाइल्स"आतंकवादियों की एक गहरी साजिश भी हो सकती है,जिसे दिखाकर आतंकी संगठन कश्मीरी ब्राम्हण मे खौफ एवं डर का माहौल बना रहें हैं ताकि डर से कश्मीरी ब्राम्हण पुनः कश्मीर ना जा पाएं। द कश्मीर फाइल्स"फिल्म यूनिट सदस्यों के आतंकी कनेक्शन की जांच होनी चाहिए।
बता दें कि जब फिल्म को टैक्स फ्री की गई तो कांग्रेस ने टैक्स फ्री करने पर विरोध जताया था। कांग्रेस एमएलसी प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा था कि यह फिल्म कोई सामाजिक संदेश देने वाला है, ये बिहार के लिए नहीं है। यह पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। टैक्स फ्री कर देने भर से कश्मीरी पंडित की समस्या का हल नहीं होगा। कश्मीरी पंडितों के लिए क्या किया जा रहा है? यह देखना जरूरी है। कश्मीर पंडित के पलायन के समय सरकार BJP समर्थन से चल रही थी। वहीं RJD के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा था कि BJP के लोग कश्मीर पर बनी फिल्म को बिहार में टैक्स फ्री करने की मांग कर रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग करता हूं कि सर्वप्रथम वे स्वयं फिल्म को देखें।












Click it and Unblock the Notifications