Bihar news: राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बीच नीतीश कुमार को झटका, इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी
Bihar cm Nitish kumar news, बिहार की राजनीति में एक के बाद एक नया सियासी भूचाल देखने को मिल रहा है। हाल ही में सत्ताधारी जेडीयू ने अपने अध्यक्ष लल्लन सिंह को हटा दिया था। जिसके बाद नीतीश कुमार ने पार्टी की कमान अपने हाथों में ले ली थी।
अब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बीच नीतीश कुमार को एक और बड़ा झटका लगा है। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता और मशहूर नेत्र चिकित्सक सुनील सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। अपना इस्तीफा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को भेज दिया है। पार्टी छोड़ने की वजह राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा बताई है।

पार्टी प्रवक्ता डॉक्टर सुनील सिंह ने राम का नाम लेकर जेडीयू को छोड़ते हुए कहा कि, आज के सांस्कृतिक पुनर्जागरण और हर्सोल्लास के माहौल से दूरी बनाना उचित नहीं है। जेडीयू में रीढ़ नहीं, एक गिरोह पार्टी चला रहा और नीतीश मूकदर्शक बने हुए हैं। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को भेज दिया है। उन्होंन आरोप लगाया है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती है।
सोशल मीडिया पर सुनील सिंह ने लिखी पोस्ट में कहा कि, ॐ श्री गणेशाय नमः आज पूरा भारतवर्ष राममय है। जय श्री राम के उद्घोष से, गीत-संगीत से सर्वत्र हर्षोल्लास है। जिनके नाम के जयकारे मात्र से हम भारतवासी स्वयं को धन्य अनुभव कर रहे हैं। मैं अकिंचन भी उन प्रभु श्री राम के समक्ष नतमस्तक हूं। आज के पावन दिन प्रभु श्री राम जी के आदर्शो का अनुसरण करते हुए प्रभु श्री राम जी के आदेश से मैं अपनी जदयू की प्राथमिक सदस्यता एवं प्रवक्ता पद से त्यागपत्र को सार्वजनिक करता हूँ। आगे कर्तव्य पथ का दिशा निर्देश प्रभु श्री राम करेंगे। जय श्री राम!
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो न्होंने अपना इस्तीफा पिछले साल दिसंबर में ही तैयार कर लिया था। लेकिन विशेष कारणों से 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर सार्वजनिक किया। सुनील कुमार सिंह ने अपने त्याग पत्र में लिखा है कि मैं अपने व्यक्तिगत कारण से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ प्रदेश प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे रहा हुं। पार्टी के सर्वमान्य नेता मुख्यमंत्री बिहार, नीतीश कुमार, बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह, पूर्व बिहार प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के मार्गदर्शन में काम करने का और बहुत कुछ सीखने का मौका मिला।
उन्होंने आगे कहा है कि कोविड 19 जैसे विषम काल के समय चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते पार्टी के बैनर तले समाज सेवा करने का मौका मिला। टीकाकरण शिविर, जागरूकता अभियान, निःशुल्क टेली कंसल्टेशन, वेबिनार, जागरूकता रथ सहित अनेकों काम किया जिससे राज्य की जनता को लाभ मिला। पार्टी के बैनर तले अपने अनुभव कभी भूल नहीं सकते। पार्टी के सभी प्रवक्ता, नेता और कार्यकर्ता का प्यार और साथ देने के लिए धन्यवाद देता हूं। पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर काम किया, मेरे लिए सुखद रहा।
सुनील कुमार के इस्तीफा देने के बाद अब इसकी चर्चा शुरू हो गई है कि वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि बीजेपी में शामिल होने को लेकर अभी सुनील कुमार सिंह ने कोई बयान नहीं दिया है। सुनील सिंह के इस्तीफे पर बिहार बीजेपी के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि, प्रभु श्री राम आ गए, हम लोग सभी मिलकर भगवान राम का स्वागत कर रहे हैं, सब राममय हो गए हैं, जेडीयू के प्रवक्ता सुनील सिंह का बीजेपी में स्वागत करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications