जमुईः पहले पत्नी और दो बच्चों को मार डाला फिर रिश्तेदार को फोन कर दी जानकारी
जमुई। बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और दो बच्चों को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया। आरोपित ने पत्नी के साथ पहले मारपीट की फिर अपने दोनों बच्चों के सहित तीनों की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित युवक ने फोन के जरिये घटना की जानकारी सबसे पहले अपनी बहन को दी फिर बाकी रिश्तेदारों को भी बात बताई।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार की सुबह सैकड़ों लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। जिस शख्स ने तीनों की हत्या को अंजाम दिया है उसका नाम प्रकाश यादव है, जो साइकिल का पंक्चर बना कर अपना परिवार चलाता था। जानकारी के मुताबिक घरेलू विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है तीनों की हत्या करने के बाद आरोपित प्रकाश यादव फरार हो गया लेकिन मंगलवार की सुबह उसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
खैरा थाना इलाके के बिशनपुर पंचायत के ललदैया गांव के लोगों को जब जानकारी मिली की एक ही घर के तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। मरने वालों में 26 वर्षीय पत्नी समुद्री देवी, 8 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार और 5 वर्षीय बेटी ज्योति कुमारी है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिस दौरान मारपीट भी हुई और उसी वक्त प्रकाश यादव ने पहले पत्नी को मौत के घाट उतारा फिर दोनों बच्चों को मार डाला।
पुलिस को घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों ने दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को ग्रामीणों को जैसे ही जानकारी मिली की हत्यारा प्रकाश गांव के खलिहान में मौजूद पुआल में छिपा है तो उसको सभी ने मिलकर पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications