Independence day पर सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान, कहा- 'अगले 5 साल में 1 करोड़ नौकरी और रोजगार दिया जाएगा'
Independence day Bihar: स्वतंत्रता दिवस 2025 के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना स्थित गांधी मैदान में भव्य झंडोत्तोलन समारोह किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न सरकारी अधिकारियों, पुलिस बल, स्कूल और कॉलेजों के छात्रों के अलावा आम जनता भी शामिल थी। झंडोत्तोलन और परेड के बाद मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों को संबोधित करते हुए पिछले वर्षों में सरकार द्वारा किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया।
गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- 'सरकार अगले 5 साल में 1 करोड़ नौकरी और रोजगार देगी। इसके साथ ही नौकरी के लिए प्रारंभिक परीक्षाओं में शुल्क को 100 रुपए किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स को कोई शुल्क नहीं देना होगा।

सीएम नीतीश ने क्या कहा?
नीतीश कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि, राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। अब हमलोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी हेतु सभी आयोगों (बिहार लोक सेवा आयोग/ बिहार कर्मचारी चयन आयोग/ बिहार तकनीकी सेवा आयोग/ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग/ केन्द्रीय सिपाही चयन पर्षद आदि) के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
अब प्रारंभिक (PT) प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रूपए का शुल्क रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रारंभिक (PT) परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य सरकार के इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा। राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार मिले, ये शुरू से ही हमारी प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार की इस पहल से युवा और प्रोत्साहित होकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।
कानून-व्यवस्था को सुधारना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी- CM नीतीश
CM नीतीश ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि,"24 नवंबर 2005 को हमारी सरकार बनी थी। सर्वप्रथम राज्य में कानून-व्यवस्था को सुधारना और मजबूत करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी थी। अपराध नियंत्रण और विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए योजनाबद्ध तरीके से सभी आयामों पर काम किया गया। वर्ष 2005 में राज्य में पुलिस बल की संख्या मात्र 42,481 थी, जो आबादी के हिसाब से बहुत कम थी। इसलिए हमने पुलिस बल की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। आज यह संख्या बढ़कर 1,31,000 हो गई है और आगे 2,29,000 तक पहुंचाने का काम जारी है।"
ये भी पढ़ें Independence day 2025: दीवाली पर क्या तोहफा देंगे पीएम मोदी? लाल किले की प्राचीर से कर दिया ऐलान
लालू-राबड़ी सरकार पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में पूर्ववर्ती लालू-राबड़ी सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा कि 2005 से पहले राज्य में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था में कई कमियां थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार ने शासन सुधार, अपराध नियंत्रण और सामाजिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर काम किया और जनता के विश्वास को मजबूत किया।
नीतीश कुमार ने कहा, "हमने कहा था कि पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जाएगी और बहाली के काम तेजी से होंगे। अब पुलिस बल में वृद्धि के साथ-साथ प्रशिक्षण और संसाधनों पर ध्यान दिया जा रहा है। जनता के जीवन में सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना हमारी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।"












Click it and Unblock the Notifications