दिल्ली में मॉर्निंग वॉक को निकले IAS अफसर हुए लापता, ट्रांसफर से थे परेशान
पटना। बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले दिल्ली में कार्यरत आईएएस अधिकारी जितेंद्र कुमार झा मॉर्निंग वॉक के लिए निकले और फिर वापस नहीं लौटे। उनके लापता होने की खबर से सुपौल में उनके परिवार में हंगामा मच गया। जितेंद्र कुमार झा दिल्ली में द्वारका सेक्टर-9 के शिवाली अपार्टमेंट में रहते थे। खबर मिलने के बाद सुपौल के सदर प्रखंड के बभनगामा वार्ड नंबर 12 स्थित उनके पैतृक आवास पर सन्नाटा पसर गया है। बेटे के गायब होने की खबर सुनते ही मां-बाप सदमे में हैं।। उनके पिता दीप नारायण झा एवं मां विमला देवी का कहना है कि जैसे ही मोबाइल के जरिए उन्हें बेटे की गायब होने की खबर मिली, उनके होश उड़ गये। पूरे इलाके में चर्चित और लोकप्रिय आईएएस के गायब होने की खबर से मातम का माहौल कायम हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार आईएएस अधिकारी जितेंद्र झा दिल्ली में रहते थे और वह इंडियन सिविल अकाउंट सर्विसेज के अधिकारी हैं। वे अपने घर से सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले और काफी देर तक वापस नहीं लौटे। उनके घर वापस नहीं लौटने की जानकारी उनकी पत्नी ने अपने परिवार वालों को दी। सभी उनकी खोज में निकल पड़े। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो मामले की लिखित शिकायत नजदीकी पुलिस से की और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया जिसमें जितेंद्र के जाने के वीडियो फुटेज दिख रहे हैं पर वापस लौटने के नहीं जिसके बाद परिजनों को कई तरह की आशंका सताने लगी। पुलिस उनकी बरामदगी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
वहीं जितेंद्र की पत्नी ने फोन कर अपने सास-ससुर को बताया कि पिछले कई दिनों से वह परेशान चल रहे थे और आज मॉर्निंग वॉक पर निकलने के बाद वापस घर नहीं लौटे। बहू के द्वारा इस तरह की जानकारी देने के बाद बूढ़े मां-बाप के पैरों तले जमीन खिसक गई और दोनों दहाड़ें मारकर रोने लगे। बहू ने कहा कि इससे पहले भी सूचना प्रसारण मंत्रालय में वह थे जिसके बाद उनका ट्रांसफर एचआरडी मिनिस्ट्री में कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि वह काफी ईमानदार और मेधावी हैं जिसके कारण कुछ ही दिनों में उनके दुश्मनों की संख्या काफी बढ़ गई। इन्हीं सब बातों को देखते हुए उनके परिजन काफी परेशान हैं और परिजनों के साथ-साथ आसपास के लोगों के चेहरे पर भी मायूसी छाई हुई है। वहीं आसपास के लोग मां-बाप को ढांढस बंधाने और बेटे के जल्द मिल जाने का आश्वासन दे रहे हैं। अब तक दिल्ली से इस तरह की कोई सूचना नहीं आने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल उनकी गुमशुदगी का रिपोर्ट दिल्ली के थाने में दर्ज कराई गई है। उनके अचानक गायब होने से पूरा विभाग सकते में आ गया हलांकि पुलिस जल्द ही उन्हें बरामद करने की दवा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications