'सैनिडरी पैड' के सवाल पर 'फ्री कंडोम' की बात कहने वाली IAS से अब NCW ने मांगा जवाब
पटना, 29 सितंबर। बिहार की सीनियर आईएएस अधिकारी व महिला एवं बाल विकास निगम की अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरजोत कौर बम्हरा की तरफ से छात्रा के सवाल पर दी गई टिप्पणी पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग की तरफ से हरजोत कौर बम्हरा से 7 दिनों में लिखित में जवाब मांगा गया है। दरअसल, बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को महिला एवं बाल विकास निगम की तरफ से यूनिसेफ सेव द चिल्डन और प्लान इंटरनेशनल के तहत 'सशक्त बेटी समृद्ध' नामक एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

छात्रा ने की थी सैनिटेरी पैड की मांग
'सशक्त बेटी समृद्ध' नामक कार्यक्रम में छात्राएं उपस्थित हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम की अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरजोत कौर बम्हरा से एक छात्रा ने सवाल किया कि सरकार की तरफ से यूनिफॉर्म और स्कॉलरशिप दी जा रही है। ऐसे में सरकार 20-30 रुपए की सैनिटेरी पैड भी दे सकती है? छात्रा के इस सवाल पर कार्यक्रम में तालियां बचने लगी। लेकिन छात्रा के इस सवाल पर हरजोत कौर बम्हरा भड़क गईं। छात्रा को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि इस सवाल पर बहुत तालियां बज रही हैं। क्या मांगों का कोई अंत है।
ज्यादा दिक्कत है तो पाकिस्तान जाओ
सवालों का जवाब देते हुए हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि कल को जब परिवार नियोजन की बात आएगी तो, कंडोम भी लोग मांगने लगेंगे। वहीं, छात्रा ने उनके इस जवाब पर कहा कि लोगों का अधिकार है मांगना है, क्योंकि सरकार लोगों के वोट से ही बनती है। इस पर हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि ये बेवकूफी है। वोट करो और अगर ज्यादा दिक्कत है तो पाकिस्तान जाओ। हालांकि, पाकिस्तान वाली टिप्पणी पर छात्रा ने जवाब देते हुए कहा कि मैं क्यों पाकिस्तान जाऊं, मैं भारतीय हूं और भारत में रहूंगी। इस पर हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि क्या सेवाओं के लिए आप वोट करती हो?
शौचालय की शिकायत पर भी दिया था अजीब जवाब
हरजोत कौर बम्हरा से अवेयरनेंस वर्कशॉप में एक छात्रा ने टूटे हुए शौचालय को लेकर भी सवाल किया था। इस पर भी उन्होंने अजीब जवाब दिया था। सवाल करते हुए लड़की ने कहा कि शौचालय में अक्सर लड़के भी घुस जाते हैं। शौचालय न जाना पड़े, इसलिए हम कम पानी पीते हैं। इस पर हरजोत कौर ने कहा कि, अच्छा यह बताओ, तुम्हारे घर में अलग से शौचालय है। अगर आप अलग-अलग जगहों पर बहुत सी चीजें मांगते रहेंगे, तो यह कैसे काम करेगा? आपको बता दें कि कार्यक्रम के बाद इस पूरे वाकये का वीडियो वायरल हो गया। छात्राओं को इस तरह का जवाब देने पर हरजोत कौर बम्हरा की लोग खिंचाई कर रहे हैं। लेकिन अब मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान ले लिया है और उनसे 7 दिनों के भीतर लिखित में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ये भी पढ़ें- H-20 Bomber: चीनी ड्रैगन ने बनाया हवा की ताकत से उड़ने वाला बॉम्बर, हिमालय में भारत को टेंशन












Click it and Unblock the Notifications