BJP भी नहीं समझ पाई PK की ये चाल! कैसे 'जनसुराज संघर्ष वाहिनी' ने Bankipur में लिखी ऐतिहासिक जीत की पटकथा

Bankipur Election Result: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की जीत ने बिहार की राजनीति में नया संदेश दिया है। 2008 से बीजेपी के मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर प्रशांत किशोर की पार्टी ने करीब 19 हजार वोटों से जीत दर्ज कर यह संकेत दिया कि पारंपरिक चुनावी समीकरणों से इतर भी सफलता हासिल की जा सकती है। लेकिन पीके ने पारंपरिक चुनाव प्रचार से अलग एक ऐसा मॉडल तैयार किया, जिसने चुनाव का पूरा नैरेटिव बदल दिया। इस मॉडल का नाम था 'जनसुराज संघर्ष वाहिनी'।

चुनाव से कुछ महीने पहले बनाई गई यह टीम न तो सिर्फ पोस्टर लगा रही थी और न ही सिर्फ नारे लगा रही थी। यह टीम गली-गली जाकर स्थानीय समस्याओं को जनता का मुद्दा बना रही थी, प्रशासन पर दबाव बना रही थी और लोगों को यह एहसास दिला रही थी कि बदलाव सिर्फ भाषणों से नहीं, संघर्ष से आएगा। आखिर क्या था संघर्ष वाहिनी का पूरा प्लान और कैसे इसने बीजेपी के मजबूत किले को ढहा दिया? आइए समझते हैं।

Bankipur Election Result

आखिर क्या है 'जनसुराज संघर्ष वाहिनी'?

संघर्ष वाहिनी, जनसुराज का सिर्फ एक संगठन नहीं बल्कि प्रशांत किशोर का ग्राउंड एक्शन मॉडल है। इसका मकसद चुनावी सभाओं से ज्यादा जनता के बीच रहकर उनके रोजमर्रा के मुद्दों को उठाना था। पीके का मानना था कि अगर जनता की छोटी-छोटी समस्याओं पर लगातार संघर्ष किया जाए तो भरोसा अपने आप बनता है। इसी सोच के साथ बांकीपुर में इस टीम को उतारा गया।

ये भी पढ़ें: Bihar News: चिराग पासवान के विधायक सोनू सिंह कौन? डेहरी नगर परिषद के पदाधिकारी की हत्या का लगा आरोप

चुनाव से पहले क्यों बनाई गई यह टीम?

बांकीपुर में बीजेपी तीन दशक से मजबूत थी। ऐसे में सिर्फ चुनावी रैलियों के भरोसे जीतना मुश्किल था। इसलिए पीके ने चुनाव से कुछ महीने पहले ही संघर्ष वाहिनी बनाई। लक्ष्य साफ था चुनाव आने का इंतजार नहीं, बल्कि चुनाव से पहले जनता के बीच लगातार मौजूद रहना। यही रणनीति बाद में जनसुराज की सबसे बड़ी ताकत बन गई।

15-16 घंटे की मेहनत... गली-गली बनाया माहौल

संघर्ष वाहिनी के युवा रोजाना 15-16 घंटे तक मोहल्लों में घूमते थे। उनके हाथ में माइक और स्पीकर होता था। जहां टूटी सड़क दिखी, वहीं रुक गए। जहां खुली नाली मिली, वहीं लोगों को इकट्ठा कर प्रशासन से जवाब मांगने लगे। यह टीम हर दिन किसी न किसी स्थानीय समस्या को लेकर सड़क पर दिखाई देती थी। इससे लोगों को लगा कि पहली बार कोई चुनाव जीतने से पहले उनकी बात सुन रहा है।

धरना वहीं, जब तक समाधान नहीं

संघर्ष वाहिनी की सबसे अलग रणनीति यही थी। टीम किसी खराब सड़क, खुले सीवर या जलभराव वाली जगह पर धरने पर बैठ जाती थी। जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते और समाधान का भरोसा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहता। कई मामलों में प्रशासन ने तुरंत मरम्मत का काम शुरू कराया। इससे लोगों के बीच यह संदेश गया कि जनसुराज सिर्फ वादे नहीं कर रही, बल्कि काम भी करवा रही है।

युवाओं और छात्र नेताओं पर खेला सबसे बड़ा दांव

पीके ने संघर्ष वाहिनी की कमान युवा चेहरों को दी। मिथिला के छात्र नेता अनूप मैथिल को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके साथ आदित्य मोहन, पटना यूनिवर्सिटी के कई छात्र नेता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी मैदान में उतरे। इस टीम की खास बात यह थी कि ज्यादातर सदस्य उसी इलाके में लोगों के बीच लगातार मौजूद रहते थे। यही वजह रही कि अभियान लोगों से सीधा जुड़ गया।

ये भी पढे़ं: Prashant Kishor Criminal Cases: बांकीपुर में BJP का किला ढहाने वाले प्रशांत पर 8 क्रिमिनल केस, कितनी संपत्ति?

क्या संघर्ष वाहिनी से सरकार और बीजेपी पर बढ़ा दबाव?

जनसुराज का दावा है कि संघर्ष वाहिनी जिन मुद्दों को उठाती थी, उन पर प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ती थी। कई जगह सड़क और नालियों की मरम्मत तेजी से हुई। वहीं अभियान के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित धक्का-मुक्की जैसे विवाद भी सामने आए। इन घटनाओं ने संघर्ष वाहिनी को और अधिक चर्चा में ला दिया।

क्या बांकीपुर मॉडल अब पूरे बिहार में दिखेगा?

बांकीपुर की जीत ने यह साबित किया कि 'लोकल इश्यू + लगातार संघर्ष + जमीनी मौजूदगी' का फॉर्मूला असरदार हो सकता है। अब सवाल यह है कि क्या जनसुराज इसी संघर्ष वाहिनी मॉडल को बिहार की बाकी विधानसभा सीटों पर भी उतारेगी? अगर ऐसा होता है, तो आने वाले चुनावों में यह मॉडल पारंपरिक चुनाव प्रचार को बड़ी चुनौती दे सकता है। बांकीपुर ने कम से कम इतना तो दिखा दिया है कि सिर्फ भाषण नहीं, बल्कि सड़क पर दिखने वाला संघर्ष भी चुनावी नतीजे बदल सकता है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+