तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर बोला हमला, कहा-गठबंधन करने वाले दलों को नष्ट कर देती है भाजपा
पटना, 09 अगस्त: बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने आज शाम मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। अब नीतीश कुमार आरजेडी और कांग्रेस के साथ मिलकर नई सरकार बनाने जा रहे हैं। सरकार गठन से पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र को चुनौती दे रही है। आज नीतीश कुमार ने निर्णय लेने का काम किया है।
Recommended Video

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, भाजपा का कोई गठबंधन सहयोगी नहीं है, इतिहास बताता है कि भाजपा उन दलों को नष्ट कर देती है जिनके साथ वह गठबंधन करती है। हमने देखा कि पंजाब और महाराष्ट्र में क्या हुआ? बिहार में जो भी हो रहा था वो किसी से छुपा नहीं था। जनता विकल्प चाहती है।
तेजस्वी ने आगे कहा कि, जेपी नड्डा ने कहा कि वे क्षेत्रीय दलों को खत्म कर देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिर्फ अपना प्रचार करते हैं। बीजेपी का सिर्फ एक ही काम है विपक्षी पार्टियों को डराओ। जातिगत जनगणना पर बीजेपी ने नजरअंदाज किया था। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है,जब बीजेपी को रोकने का काम हो रहा है। इससे पहले लालू जी ने आडवाणी जी के रथ को बिहार में रोक दिया था।
तेजस्वी ने कहा कि, देश में अराजकता का माहौल बन रहा है, सांप्रदायिकता फल-फूल रही है, सामाजिक न्याय प्रभावित हो रहा है। अर्थव्यवस्था देख लीजिए, देश की सुरक्षा देख लीजिए। आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, आज ही के दिन भारत छोड़ो आंदोलन छिड़ा था। आज बिहार ने देश को दिशा दिखाने का काम किया है कि जो जनता के लिए लड़ता है, जनता उसे स्वीकार करती है। जनता विकल्प चाहती है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार ने देश को दिशा दिखाई है। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिया गया। आज संविधान को बचाना है। तेजस्वी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी का काम है जो बिकता है, उसको खरीदो। मुख्यमंत्री ने देश के हित में निर्णय लिया। हम मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हैं। नीतीश के साथ हुए नोकझोंक को लेकर तेजस्वी ने कहा कि हम चाचा-भतीजे हैं। लड़े भी हैं, आरोप भी लगाएं हैं। हर परिवार में लड़ाई होती है। अभी समय दूसरा है। नीतीश कुमार देश में सबसे अनुभवी सीएम हैं।
वहीं नीतीश कुमार ने कहा कि, हम चुपचाप एनडीए के साथ थे लेकिन वह खत्म करने की साजिश रच रहे थे। बिहार के विकास के लिए अब सात दल एक साथ आए हैं। राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सात दलों व एक निर्दलीय का महागठबंधन मिलकर काम करेगा। उन्होंने कहा, "मैंने इस्तीफा दे दिया है, मैंने अपने सभी विधायकों को सूचित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications