गोपालगंजः ऑक्सीजन लेवल गिरने से दो मरीजों की मौत, कोरोना जैसे थे लक्षण
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में ऑक्सीजन लेवल कम होने से दो मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मरीजों की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल के आपालकालीन वार्ड में हुई। वहीं चार नए मरीजों को भर्ती किया गया है। मृतक मरीजों में कोरोना जैसे लक्षण थे लेकिन किसी भी मरीज का कोविड-19 की जांच नहीं कराई गई थी। मृतक मरीजों में सदर प्रखंड के फतहां गांव के निवासी स्वर्गीय योगी शर्मा के पुत्र चंद्रमा शर्मा और मांझा प्रखंड के सुरवनिया के मोहर्रम अंसारी की पत्नी नगमा खातून थीं। दोनों की उम्र 55 से 60 बताई जा रही है।

सदर अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक रविवार की सुबह में महिला को भर्ती कराया गया था और उसका ऑक्सीजन लेवल तेजी से गिर रहा था, जिसके बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गोरखपुर जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। एंबुलेंस पर परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की। वहीं दूसरे मरीज की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई।
दरअसल कोरोना की दूसरी लहर में भी ऐसे मामले लगातार सामने आये थे ऐसे में डॉक्टरों ने भी चिंता जतायी है। स्वास्थ्य विभाग के फिजिशियन डॉ सनाउल मुस्तफा ने कहा कि अस्पताल में इन दिनों ऑक्सीजन लेवल गिरने और फेफड़ों में संक्रमण से ग्रसित मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। संक्रमण के चलते मरीज को सांस लेने में परेशानी हो रही है। इलाज देर से शुरू होने की वजह से पूरे शरीर में संक्रमण फैल जा रहा है जिससे मरीज की मौत हो जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications