राजकोट की फैक्ट्री में बॉयलर फटने से कटिहार जिले के चार मजदूरों की मौत
कटिहार। बीते मंगलवार की देर रात को गुजरात के राजकोट शहर के मोरबी जिले के एक निजी फैक्ट्री में बॉयलर फटने से बिहार के 4 मजदूरों की मौत हो गई है। बॉयलर फटने के चलते ये सारे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में मृतक सभी मजदूर बिहार कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नक्कीपुर गांव के रहने वाले थे। इस घटना की पुष्टि करते हुए कटिहार के जिलाधिकारी उदयन मिश्रा ने कहा कि गुजरात के मोरबी जिले के खेरवा गांव स्थित देव इंड्रस्ट्रीज में देर रात बॉयलर फटने से चार मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि अन्य चार मजदूर घायल हो गए हैं।

साथ ही उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद मृतकों के शव को कटिहार लाये जाने को लेकर लगातार जिला प्रशासन के द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी अपर समाहर्ता विजय कुमार को सौंपी गई है। डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन लगातार राजकोट प्रशासन से सम्पर्क कर रहा है। सभी मृतक मजदूर 19 वर्ष से लेकर 25 वर्ष के बीच के हैं। ये सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। इस घटना के बाद मृतकों के गांव में जहां सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, घर के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हुआ है।
मुंगेर में ट्रेन में की लूटपाट
वहीं बिहार के मुंगेर के जमालपुर-भागलपुर रेल खंड के बरियारपुर थाना क्षेत्र के लोहा पुल परिया गांव के पास में दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन में डकैतों ने लूट और डकैती की घटना हुई है। इस दौरान लुटेरों ने ट्रेन पर पथराव भी किया, जिसमें यात्रियों के साथ एस्कॉर्ट पार्टी के जवान भी घायल हो गए। वहीं, एसी बोगी के शीशे भी टूट गए।
जमालपुर-भागलपुर रेल खंड पर स्थित बरियारपुर रेलवे स्टेशन के पहले लोहा पुल के समीप डाउन 03402 दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के दो बोगी में लुटेरों ने यात्रियों के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की। ट्रेन ऋषि कुंड हॉल्ट को पार करते हुए आगे बढ़ी और बरियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के पहले ही लोहा पुल परिया गांव के पास रात के 9 बजकर 14 मिनट पर लुटेरों ने गाड़ी को वैक्यूम कर रोक दिया और रेल यात्रियों के साथ लगभग 20 मिनट तक लूटपाट की।












Click it and Unblock the Notifications