बिहार: मधेपुरा में बीजेपी कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी, पार्टी कार्यकर्ता घायल, आरोपी गिरफ्तार
बिहार के मधेपुरा में बीजेपी कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी में पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गया।
बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज में रविवार को पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान गोलीबारी हो गई। इस हादसे में भारतीय जनता पार्टी का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। वहीं, कई राउंड फायरिंग करने के बाद आरोपी पंकज पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
केंद्र में बीजेपी सरकार के 9 साल पूरा होने पर प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद सिंह और पूर्व मंत्री नीरज कुमार सिंह शामिल होने वाले थे। वहीं, कार्यक्रम जब तक शुरू होता तब तक दो गुट आपस में भिड़ गए। विवाद की स्थिति ने धीरे धीरे गोलीबारी का रूप ले लिया।

आरोपी और घायल समूह के बीच झगड़े को लेकर दोनों पक्षों में गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी मे संजय भगत के पैर में गोली लगी, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। संजय भगत को पूर्व उप मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताया जा रहा है। नोकझोंक के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर कुर्सियां फेंक दी।
आरोपी शख्स ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल संजय भगत को मुरलीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विवाद की स्थिति को लेकर लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता पंकज पटेल कार्यक्रम शुरू होने से पहले मंच पर आए। इस दौरान मंच पर किसी बात को लेकर भाजपा नेता संजय भगत और पंकज पटेल के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। ये विवाद की स्थिति इतनी बढ़ गई कि पंकज पटेल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से संजय भगत को गोली मार दी।












Click it and Unblock the Notifications