Bihar Chunav 2025: रोहतास में मतगणना से पहले EVM बदलने का आरोप,स्ट्रांग रूम के बाहर हंगामा, ट्रक घुसने पर बवाल
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारी जोरों पर है, लेकिन रोहतास जिले में मतगणना से पहले ही माहौल गरमा गया है। जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए 14 नवंबर को सासाराम के तकिया बाजार स्थित बाजार समिति प्रांगण में मतगणना होनी है।
इसी बीच बुधवार देर रात स्ट्रांग रूम के बाहर महागठबंधन के प्रत्याशियों और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया, जिससे पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

सीसीटीवी कैमरा बंद और ट्रक घुसने पर शुरू हुआ हंगामा
हंगामे की शुरुआत तब हुई जब महागठबंधन के प्रत्याशियों को पता चला कि स्ट्रांग रूम के अंदर का सीसीटीवी कैमरा अचानक बंद हो गया है। उसी दौरान शाम के अंधेरे में एक ट्रक बिना जांच के स्ट्रांग रूम परिसर में प्रवेश कर गया। यह खबर फैलते ही दिनारा के राजद प्रत्याशी राजेश यादव और सासाराम के राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए।
EVM बदलने की साजिश का आरोप
राजद प्रत्याशियों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों प्रत्याशी स्ट्रांग रूम के ठीक सामने धरने पर बैठ गए और EVM बदलने की साजिश का आरोप लगाया। राजद प्रत्याशी राजेश यादव ने कहा, "अभी-अभी खाली ट्रक अंदर गया है, उसमें EVM है। शिकायत करने के बावजूद प्रशासन सुनने को तैयार नहीं।
सीसीटीवी कैमरा बंद है, यह साफ संकेत है कि कुछ न कुछ गड़बड़ हो रहा है। वहीं सत्येंद्र साह ने कहा, "रात में स्ट्रांग रूम के बाहर ट्रक क्यों घुसा? सीसीटीवी बंद है, यह EVM बदलने की साजिश है। रोहतास की सातों सीटों पर महागठबंधन की जीत तय है, लेकिन हार से घबराकर यह खेल रचा जा रहा है।"
मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी
हंगामे की खबर मिलते ही रोहतास डीएम उदिता सिंह और एसपी रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल ट्रक की जांच कराई। जांच में ट्रक से केवल खाली बक्से बरामद हुए। डीएम ने प्रत्याशियों को भरोसा दिलाया कि यदि किसी को संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई जाएगी।
एसडीएम आशुतोष रंजन ने बताया कि "ये खाली बक्से मतगणना के बाद EVM रखने के लिए थे, जो देरी से पहुंचे हैं। उदिता सिंह, डीएम, रोहतास ने कहा कि "बक्सों की जांच की गयी है, सभी खाली हैं, फिर भी यदि कोई संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज भी देखी जाएगी।"
प्रत्याशियों ने उठाये सवाल
हालांकि, प्रत्याशियों ने सवाल उठाया कि "अगर बक्से खाली थे, तो उन्हें रात के अंधेरे में क्यों लाया गया? प्रशासन दिन में यह काम क्यों नहीं कर सकता था?" प्रत्याशियों और समर्थकों के विरोध के बीच देर रात तक हंगामा चलता रहा। अधिकारियों के समझाने के बावजूद समर्थक स्ट्रांग रूम के बाहर डटे रहे और प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाते रहे।
पुलिस की मुस्तैदी पर भी उठे सवाल
महागठबंधन प्रत्याशियों ने कहा कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच भी ट्रक का स्ट्रांग रूम परिसर तक पहुंच जाना पुलिस प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। राजद प्रत्याशी सत्येंद्र साह ने कहा, "अधिकारियों को फोन किया तो सुबह मिलने की बात कही गई। यह साफ संकेत है कि मामला संदिग्ध है। हम यह सब बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
महागठबंधन का दावा - NDA का होगा 'सुपड़ा साफ'
महागठबंधन के नेताओं ने दावा किया कि रोहतास जिले की सातों सीटों पर उनकी जीत तय है और NDA की हार निश्चित है। उन्होंने आरोप लगाया कि हार की आशंका से ही EVM बदलने की कोशिश की जा रही है। दिनारा से राजद प्रत्याशी राजेश यादव ने कहा, "यह लोकतंत्र की हत्या है। हम चुनाव आयोग से इसकी जांच की मांग करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे।"
मतगणना से पहले बढ़ा तनाव
14 नवंबर को होने वाली मतगणना से पहले यह विवाद रोहतास जिले में राजनीतिक तनाव बढ़ा रहा है। जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतगणना का भरोसा दिया है, लेकिन प्रत्याशियों के धरने और आरोप-प्रत्यारोप के कारण माहौल गर्म बना हुआ है। प्रशासन ने पूरे इलाके में धारा 144 लागू करने और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश जारी किए हैं ताकि मतगणना के दिन किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।












Click it and Unblock the Notifications