झारखंडः भतीजे ने कांग्रेस समर्थक की गोली मारकर की हत्या, मचा हड़कंप
दुमका। झारखंड के दुमका जिले में आपसी विवाद के कारण कांग्रेस समर्थक पुष्पा हिम्मत सिंहका की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। पुष्पा के भतीजे रॉकी ने ही उनकी हत्या की है। कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता पुष्पा की मेन रोड में बक्से की दुकान है। दुकान के बगल में ही उनके भतीजे रॉकी हिम्मतसिंहका की भी बक्से की दुकान थी।

इसी वजह से दोनों में तकरार होती रहती थी। चार साल के दौरान कई बार दोनों परिवार थाना पहुंचे, लेकिन कभी इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को दोपहर 12 बजे के करीब पुष्पा दुकान में एक सोलर प्लेट को साफ कर उसे दुकान में रख रहीं थीं।
इसी दौरान रॉकी आया और नजदीक से उन्हें गोली मार दी। बाद में पुष्पा की दुकान में घुसकर उनके पति रामचंद्र हिम्मतसिंहका और उनके बेटे पर भी हमला किया। गोली भी चलायी, लेकिन दोनों बच गये। घटना को अंजाम देने के बाद रॉकी फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुष्पा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिन-दहाड़े हत्या की घटना के बाद मेन रोड और दुमका मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में भीड़ इकट्ठा हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अंबर लकड़ा खुद वारदात स्थल पर पहुंचे। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री डॉ लुइस मरांडी पहले घटनास्थल और फिर दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची। उन्होंने एसपी से भी मामले की जानकारी ली।












Click it and Unblock the Notifications