बिहारः डॉक्टर मेवालाल चौधरी ने ली मंत्री पद की शपथ, जानें कौन हैं वो
पटना। बिहार में नीतीश कुमार ने आज सोमवार की शाम को सातवीं बार सीएम पद के तौर पर शपथ लिया। इस दौरान 14 मंत्रियों ने भी शपथ लिया। जिसमें 7 भाजपा के कोटे से तो 5 जदयू के कोटे से मंत्री बने। इसके अलावा हम और वीआईपी पार्टी से एक-एक मंत्री बनाए गए। इस दौरान डॉक्टर मेवालाल चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

तारापुर विधानसभा सीट से नवनिर्वाचित विधायक डॉ. मेवालाल चौधरी को नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में जगह मिली है। बता दें कि इससे पहले मुंगेर जिले से शैलेश कुमार को मंत्रिमंडल में जगह मिली थी। तारापुर से मेवालाल चौधरी दूसरी बार विधायक निर्वाचित किए गए। इससे पहले साल 2010 से 2015 में उनकी पत्नी नीता चौधरी यहां से विधायक निर्वाचित हुई थीं।
तारापुर प्रखंड के कमरगांव के रहने वाले हैं मेवालाल चौधरी। राजनीति में आने से पूर्व साल 2015 तक वे भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति थे। साल 2015 में रिटायर होने के बाद वो राजनीति में आए। इसके बाद जदयू से टिकट लेकर तारापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़े और जीत हासिल की। हालांकि चुनाव जीतने के बाद डॉ. चौधरी नियुक्ति घोटाले में आरोपित किये गए।
कृषि विश्वविद्यालय में नियुक्ति घोटाले का मामला सबौर थाने में वर्ष 2017 में दर्ज किया गया था। इस मामले में विधायक ने कोर्ट से अंतरिम जमानत ले ली थी। बता दें कि दूसरी बार जीत हासिल करने के बाद मेवालाल चौधरी विधानसभा पहुंचे हैं। जबकि उनसे पहले उनकी पत्नी स्व. नीता चौधरी विधायक थीं।
मेवालाल के पास संपत्ति के नाम पर 315 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी का जेवरात है। जबकि 20 एकड़ जमीन के वे मालिक है। दो करोड़ की भूमि के साथ ही 4 करोड़ 74 लाख 64 हजार के मालिक हैं। जबकि उनकी पत्नी स्व. नीता चौधरी के नाम दो स्कार्पियो वाहन है।












Click it and Unblock the Notifications