लग्जरी गाड़ी से बकरी चोरी करने पहुंचे शातिर चोर, CCTV फुटेज से खुला राज़, लेकिन पुलिस के हाथ ख़ाली
Bihar Crime News: लग्ज़री कार से बकरी चुराने आए शातिर चोरों की वारदात CCTV Footage में क़ैद हुई है। पुलिस अभी तक चोरों को नहीं ढूंढ पाई है।

Purnia Crime News: बिहार के विभिन्न ज़िलों से चोरी की अजीबो गरीब मामले सामने आते रहते हैं। ताज़ा मामला पूर्णिया जिले का है, जहां लग्ज़री कार से आए चोर बकरी चोरी कर फरार हो गए। CCTV फुटेज के ज़रिए गज़ब चोरी का खुलासा हुआ। स्कॉर्पियो से आए चोरों ने देर रात में वारदात को अंजाम दिया।
लग्जरी कार से चोरी मामले में स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव से उस दिन 10 बकरियों की चोरी हुई है। सीसीटीवी में अगर चोरों का कारनामा कैद नहीं होता तो लोग समझ ही नहीं पाते की आखिर बकरी कहां गई। तारोनी मुस्लिम टोला (धमदाहा प्रखंड) में हुई चोरी का फुटेज तेज़ी से वायरल हो रहा है।
CCTV फुटेज के मुताबिक 23 मई की रात 1:20 बजे चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्कॉर्पियो सवार शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। एक-एक कर के चार लोग गाड़ी से उतरते हुए नज़र आ रहे हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि घर के बाहर बैठी बकरियों को दो चोरों ने उठाया और दो चोरों की मदद से गाड़ी के अंदर रखा। वहीं एक शातिर गाड़ी चलाते हुए फरार हो गए। कुछ ही पलों में हुई चोरी का वीडियो देख कर लोग भी हैरान हैं। ग्रामीणों की मानें तो उस रात 3 लोगों की यहां बकरी चोरी हुई है।
पीड़ितों (इकबाल, नैय्यर और तबरेज़) ने कहा कि लग्ज़री गाड़ी से बकरी चोर भी आ सकते हैं, ऐसा कभी नहीं सोचा था। इस बात पर यक़ीन तो नहीं हो रहा था लेकिन पूर्व मुखिया परवेज़ आलम के सीसीटीवी में क़ैद हुई तस्वीर को देख कर हैरान रह गए। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस को मामले की शिकायत कर दी गई है, लेकिन अभी तक उनके हाथ खाली हैं। पुलिस चोरों की नहीं ढूंढ पाई है।












Click it and Unblock the Notifications