संजय निरुपम ने वीडियो शेयर कर बिहार के शिक्षा मंत्री मेवालाल पर राष्ट्रगान ना आने का लगाया आरोप
पटना। बिहार में नीतीश सरकार के कैबिनेट में शामिल शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। एक तरफ भ्रष्टाचार के मामले में राजद ने शिक्षा मंत्री को लेकर सवाल उठाया है तो वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने एक वीडियो शेयर करते हुए सवाल उठाया है। वीडियो के माध्यम से संजय निरुपम मेवालाल चौधरी की योग्यता पर सवाल उठाया है।

Recommended Video
अपने ट्विटर अकाउंट से वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने दावा किया है कि बिहार के नए शिक्षा मंत्री राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते हैं। बता दें कि शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति भी रह चुके हैं। संजय निरुपम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ये बिहार के नए शिक्षा मंत्री हैं। कहते हैं, ये जनाब पहले किसी विश्वविद्यालय के वायस चांसलर थे। राष्ट्रगान भी नहीं गा पाते। भ्रष्टाचार के संगीन आरोप इनपर हैं, सो अलग। भारतीय लोकतंत्र के इन पापों को कौन धोएगा।
हम आपको बता दें कि इस बात की पुष्टि वन इंडिया नहीं करता है कि वीडियो में नजर आ रहा शख्स शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ही हैं। बता दें कि संजय निरुपम से पहले राजद ने शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी को लेकर सवाल उठाया था। राजद की तरफ से सवाल किया गया कि अल्पसंख्यकों को नजरअंदाज कर दागी नेता को पद क्यों दिया गया है। वहीं मेवालाल चौधरी ने अपने ऊपर लग रहे सभी आरोपों का खंडन किया है।
दरअसल, मेवालाल चौधरी पर भागलपुर कृषि विश्वविद्यालय का कुलपति रहते हुए भवन निर्माण और नियुक्ति में धांधली का आरोप लग रहा है। वहीं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी मेवालाल चौधरी को लेकर सवाल किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि तेजस्वी जहाँ पहली कैबिनेट में पहली कलम से 10 लाख नौकरियाँ देने को प्रतिबद्ध था वहीं नीतीश ने पहली कैबिनेट में नियुक्ति घोटाला करने वाले मेवालाल को मंत्री बना अपनी प्राथमिकता बता दिया। विडंबना देखिए जो भाजपाई कल तक मेवालाल को खोज रहे थे आज मेवा मिलने पर मौन धारण किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications