चिराग पासवान ने कहा- सीएम शराब तस्करों को देते हैं संरक्षण, सील हो सीएम हाउस
पटना। लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चिराग पासवान ने शराबबंदी और शराब के चलते हुई मौत पर नीतीश सरकार को आड़े हाथों ले लिया। चिराग पासवान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीतीश कुमार शराब तस्करी और जहरीली शराब बनाने वालों के संरक्षण देते हैं। इसलिए सीएम का आवास सील होना चाहिए। पिछले दिनों जहरीली शराब कांड में जिन लोगों की मौत हुई है सरकार उनके परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और उनके घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे।

इसके अलावा सांसद चिराग पासवान ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार अपने हवामहल से बाहर निकलें और लोगों से मिलें। वो कभी किसी पीड़ित से मिलने नहीं गए हैं। जनता दोषी नहीं। दोषी वो लोग हैं। चिराग पासवान ने कहा कि साल 2016 में सीएम नीतीश कुमार शराबबंदी कानून को लेकर आये थे। तब हम विपक्ष में थे। लेकिन हम लोगों ने इस कानून का समर्थन किया था। लेकिन करीब 6 साल होने के बाद भी शराबबंदी कानून पूरी तरह से धरातल पर नहीं दिख रहा है। जहरीली शराब से कई मौतें हुई हैं। सीएम नीतीश कुमार को एक्शन लेने की जरूरत है। सीएम यह जवाब दें कि शराब कैसे मिल रही है।
बता दें कि बीते बुधवार को भी चिराग पासवान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि जहरीली शराब कांड से कई घरों में मातम छा गया है। उनपर सरकार और मुख्यमंत्री के कारण दुखों का पहाड़ टूटा है। जहरीली शराब से जितने भी लोगों की मौत हुई है उसके लिए सरकार दोषी है। उन्होंने कहा था कि बिहार में शराबबंदी नहीं है। शराबबंदी का मजाक उड़ाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications