कटिहारः दिवंगत मेयर शिवराज पासवान के घर पहुंचे चिराग और प्रिंस राज, कहा- सरकार पूरी तरह एक समाज विरोधी है
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के मेयर शिवराज पासवान की हत्या के बाद राजनीतिक व्यक्तियों के आने-जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। इस हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में सोमवार को बिहार की राजनीति के दो बड़े चेहरे जिले में दिखे। पशुपति पारस की गुट वाली लोजपा से प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज और चिराग पासवान वाली लोजपा गुट से खुद चिराग पासवान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। हालांकि दोनों नेताओं के आने की टाइमिंग अलग थी। चिराग पासवान ने दिवंगत मेयर शिवराज पासवान के परिवार के साथ मुलाकात करने के बाद कहा कि इस परिवार से मेरे निजी रिश्ते हैं। ये घटना काफी दुखद और दिल को दहला देने वाली है।

चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम को इस परिवार के पास आकर सुधि लेने की जरूरत है और इसके लिए मैं उनको आमंत्रण देता हूं। चिराग ने कहा कि इस परिवार से उनका खून का रिश्ता था और हाल के आशीर्वाद यात्रा के दौरान भी वह कुछ ही दिन पहले महापौर से मिलकर गए थे। चिराग ने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह एक समाज विरोधी है।
इसके अलावा चिराग पासवान ने कहा कि इससे पहले भी कटिहार में इसी जाति से मेयर रीना देवी के पति भारत भूषण पासवान की हत्या हो चुकी था। अक्सर नीतीश कुमार इस जाति के लोगों को आगे बढ़ने से रोकते हैं, मगर अब उनके साथ पूरा समाज एकजुट हो चुका है और इस हत्या को लेकर संसद से लेकर सड़क तक आवाज बुलंद की जाएगी।
वहीं पारस गुट के लोजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने भी इस हत्याकांड की जांच की मांग की और कहा कि इस घटना के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रिंस पासवान ने कहा कि कटिहार के दिवंगत महापौर से उन लोगों का व्यक्तिगत संबंध रहा है और यह राजनीतिक लोगों के लिए भले ही राजनीतिक क्षेत्र का नुकसान हो सकता है लेकिन उन लोगों के लिए पारिवारिक नुकसान है।












Click it and Unblock the Notifications