वैशाली एक्सप्रेस के टॉयलेट में मिली युवती की लाश, माता-पिता के साथ जा रही थी लुधियाना
सहरसा। बिहार के सहरसा से चलकर नई दिल्ली तक जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस के शौचालय में एक युवती का शव मिला है। युवती शौचालय में फंदे से लटकी हुई थी। मधेपुरा निवासी पिता का कहना है कि मुजफ्फरपुर से ट्रेन के खुलने के बाद उनकी बेटी आरती शौचालय गई थी फिर वह वापस नहीं लौटी। जाकर देखा तो शौचालय में उसकी लाश मिली। घटना की सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची। हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर युवती के शव को उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पिता के बयान के आधार पर रेलवे थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे जांच कर रही है। परिजनों को युवती का शव सौंप दिया गया है।

वैशाली एक्सप्रेस बुधवार को सहरसा से दिल्ली जाने के लिए चली जिससे 18 साल की बीए की छात्रा मधेपुरा निवासी आरती अपने माता-पिता के साथ सफर कर रही थी। चलती ट्रेन में आरती शौचालय गई और फिर वापस नहीं लौटी। पिता ने अरुण कुमार ने बताया कि वे परिवार के साथ लुधियाना जा रहे थे। मुजफ्फरपुर से ट्रेन खुली जिसके बाद बेटी आरती शौचालय जाने की बात कहकर गई। आरती की मां ने कुछ देर बाद कहा कि नाश्ता कर लेते हैं। पहले वो हाथ-मुंह धोने गई फिर वो उठकर गए। शौचालय में देखा तो उनकी बेटी फंदे से लटकी हुई थी।

बेटी के बारे में पिता ने बताया कि वो हंसती-खेलती बच्ची थी, पता नहीं ऐसा क्या हुआ? ट्रेन हाजीपुर स्टेशन पर पहुंची तो जीआरपी ने आकर युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद युवती के शव को परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में जीआरपी ने पिता अरुण कुमार के बयान के आधार पर केस दर्ज किया है। मामले की आगे छानबीन चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications