बिहार में MLC चुनाव के लिए BJP ने जारी की सूची, NDA की तरफ़ से क्या संदेश देने की है कोशिश
Bihar MLC Election BJP List: बिहार में लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज़ हो चुकी हैं। इसी बीच बिहार विधान परिषद के भी चुनाव होने हैं। यह चुनाव इस वजह से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि MLC उम्मीदवारों के ज़रिए राजनीतिक पार्टियां विभिन्न समुदायों को खुश कर वोट बैंक पर कब्ज़ा करना चाहेगी।
राजनीतिक पार्टियां जिन समुदायों के उम्मीदवारों पर दांव खेलेगी, उसके ज़रिए उस समुदाय के मतदाताओं को यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि, उनकी पार्टी सभी समुदायों को साथ लेकर चल रही है। सियासी दांवपेंच के बीच भाजपा ने अपने बिहार से अपने MLC उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

भाजपा द्वारा जारी सूची में मंगल पांडेय, मोहन लाल गुप्ता और अनामिका सिंह का नाम शामिल है। एक बार फिर भाजपा ने मंगल पांडेय को एमएलसी उम्मीदवार चुना है। आपको बता दें कि मंगल पांडेय बिहार भाजपा अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं।
बिहार सरकार में वह स्वास्थ्य मंत्री की ज़िम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि एक बार फिर मंगल पांडेय को एमएलसी बनने के बाद बड़ी ज़िम्मेदारी दी जा सकती है। मौजूदा वक्त में वह भाजपा पश्चिम बंगाल इकाई के पार्टी प्रभारी हैं।
भाजपा नेता लाल मोहन गुप्ता की बात करें तो वह मुंगेर से भाजा जिला अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी निभा चुके हैं। तांती समुदाय से ताल्लुक रखने वाले वह पार्टी के काफी पुराने कार्यकर्ता हैं। भाजपा ने लाल मोहन गुप्ता के ज़रिए अतिपिछड़ा समाज को साधने की कोशिश की है।
भारतीय जनता पार्टी की सूची में अनामिका सिंह का भी नाम शामिल है। आपको बता दें कि वह राजपूत समुदाय से ताल्लुक रखती हैं। इसके साथ ही बिहार भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। भाजपा ने अनामिका सिंह के ज़रिए राजपूत समुदाय को साधने की कोशिश की है। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण का भी संदेश दिया है।
भाजपा ने इस बार अपने दिग्गज नेता शाहनवाज हुसैन को एमएलसी उम्मीदवार नहीं बनाया है। उम्मीद जताई जा रही है वह भाजपा की टिकट पर लोकसभा चुनाव में दांव खेल सकते हैं। एनडीए के सहयोगी दलों की बात करें तो जदयू की तरफ़ से सीएम नीतीश कुमार और खालिद अनवर ने MLC चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की पार्टी आवाम मोर्चा (HAM) की तरफ़ से संतोष सुमन ने MLC चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। अब देखना यह होगा कि विधान परिषद उम्मीदवार के ज़रिए एनडीए गठबंधन को समुदाय विशेष का कितना फ़ायदा मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications