Bihar Election 2025: नीतीश कुमार को घेरने के लिए अब 'नैरेटिव रणनीति' अपनाएगा महागठबंधन, तेजस्वी करेंगे लीड!
Bihar Vidhan Sabha Chunav 2025: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी जोरों पर है। विपक्षी महागठबंधन (INDIA ब्लॉक) नीतीश कुमार की सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में लगा हुआ है। एक के बाद एक महागठबंधन की तीनों बैठकों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बार कैसे रोका जाए...इसपर चर्चा की गई है। महागठबंधन या ग्रैंड अलायंस की तीसरी चुनाव संबंधी बैठक में एक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ 'नैरेटिव रणनीति' अपनाने पर जोर दिया गया है।
इस 'नैरेटिव रणनीति' के तहत सीएम नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने की प्लानिंग है। जिसके तहत महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार में हुए भ्रष्टाचार के मुद्दे को जनता के सामने लाएंगे और महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों को उजागर करते हुए एक नया नैरेटिव गढ़ने की कोशिश करेंगे। इसका मकसद जनता के सामने महागठबंधन की उपलब्धियों को उजागर करना और वर्तमान सरकार की नाकामियों को दिखाना है। इस पूरे अभियान को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव लीड करेंगे।

नीतीश सरकार के 'भ्रष्टाचार' पर निशाना, महागठबंधन की उपलब्धियों का बखान
INDIA गठबंधन नीतीश कुमार की सरकार पर भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर पुरजोर तरीके से सवाल उठाएगा। विपक्ष का कहना है कि सरकार के अलग-अलग विभागों में भ्रष्टाचार के कई गंभीर मामले हैं। जिसमें सरकारी योजनाओं में अनियमितताएं और प्रशासनिक लापरवाही शामिल हैं। जिससे आम जनता को नुकसान हो रहा है। गठबंधन का मानना है कि इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर वे जनता का समर्थन प्राप्त कर सकते हैं।
इंडिया ब्लॉक ने महागठबंधन सरकार के दौरान हुई विकास परियोजनाओं और सामाजिक कल्याण योजनाओं को जनता के सामने लाने का फैसला लिया है। जिसमें वो अपने सरकार के दौरान किए गए कामों को जनता के सामने रखेंगे। विपक्ष ने प्रदेश भर में जनसभाओं, रैलियों और मीडिया अभियानों के जरिए अपनी रणनीति को लागू करने की योजना बनाई है। वे सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल करके युवा मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश भी करेंगे। इससे वे जनता को यह संदेश देना चाहते हैं कि महागठबंधन की सरकार ने राज्य के विकास में अहम योगदान दिया है।
तेजस्वी यादव बोले- वे भ्रष्टाचार और मनमानी के मुद्दे पर NDA को घेरेंगे
हाल ही में रविवार 04 मई को महागठबंधन की बैठक के दौरान विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि महागठबंधन की सरकार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने गिनाने होंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन सरकार के दौरान पांच लाख युवाओं को नौकरी मिली और सत्ता में आने पर गठबंधन नौकरियों पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के "भ्रष्टाचार और मनमानी" के मुद्दे पर नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली NDA सरकार को घेरेंगे।
इस बैठक में मजदूरों की मांगों के समर्थन में 20 मई को केंद्रीय ट्रेड यूनियन द्वारा आहूत अखिल भारतीय हड़ताल को समर्थन देने का भी फैसला लिया गया है।
राजद के राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने दावा किया है, "हम सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और हर सीट पर इंडिया ब्लॉक का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। हम एकजुट हैं और हमारे गठबंधन में नेतृत्व को लेकर कोई भ्रम नहीं है। बिहार की जनता जानती है कि नेता कौन होगा।"












Click it and Unblock the Notifications