Bihar Today: गंगा पुल की सौगात से खगड़िया के नए गोदाम तक, जानें आज बिहार की बड़ी खबरें
Bihar Today: बिहार की राजनीति में हलचल हो या सरकार के नए फैसले, विकास कार्यों की प्रगति हो या जनता से जुड़े अहम कार्यक्रम- बिहार टुडे में आपको मिलेगा राज्य से जुड़ा हर बड़ा अपडेट। यहां पढ़ें कि आज राज्य में कौन से मुद्दे छाए रहेंगे। प्रशासन ने कौन-से नए आदेश जारी किए और आज क्या-क्या नया होने वाला है।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल का लोकार्पण आज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर बताया कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि, 23 जून को कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की संपर्कता का लोकार्पण किया जाएगा। इस पुल के निर्माण के लिए लगातार कार्य हो रहा था और यह परियोजना अब जनता को समर्पित की जा रही है।

मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि कल कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पटना से राघोपुर की सम्पर्कता का लोकार्पण किया जाएगा। इस 6 लेन गंगा पुल के निर्माण के लिए हमलोग लगातार काम कर रहे थे। मैंने निर्माणाधीन कार्य का नियमित निरीक्षण कर पुल का निर्माण शीघ्र… pic.twitter.com/gJyH28rwqR
— Nitish Kumar (@NitishKumar) June 22, 2025
खगड़िया को आज मिलेगा अनाज भंडारण का नया उपहार
खगड़िया जिले के पसराहा में 23 जून को लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से बने 50,000 मीट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक साइलो गोदाम का उद्घाटन होगा, जिससे अनाज भंडारण को नई सुविधा और मजबूती मिलेगी। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार और खगड़िया सांसद राजेश वर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
सहयोग कार्यक्रम में आज जनता से मिलेंगे मंत्री
23 जून, सोमवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और मंत्री केदार गुप्ता पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम के तहत बिहारवासियों की समस्याओं से रूबरू होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा। मंत्रीगण लोगों की शिकायतें सुनकर मौके पर समाधान की कोशिश करेंगे।
पटना यूनिवर्सिटी ने छात्रों को दी राहत
पटना यूनिवर्सिटी ने चार वर्षीय ग्रेजुएशन कोर्स (2025-29) में नामांकन को लेकर छात्रों को बड़ी राहत दी है। कॉलेज बदलने की स्लाइड अप प्रक्रिया में आ रही दिक्कतों को देखते हुए अब छात्रों को अधिक समय दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतिम तारीख बढ़ाकर 25 जून शाम 4 बजे कर दी है।
बिहार दौरे पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता कुमारी
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता कुमारी तीन दिन के बिहार दौरे पर हैं। वे 24 जून को डीएम के साथ बैठक करेंगी और राज्य में महिलाओं से जुड़े मुद्दों और शिकायतों की समीक्षा करेंगी। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं।
मनीष कश्यप की राजनीति में एंट्री फिर टली
चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप की राजनीति में औपचारिक एंट्री को लेकर एक बार फिर तारीख बदल गई है। पहले यह तय माना जा रहा था कि वे 23 जून को प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाले जन सुराज आंदोलन से जुड़ेंगे। लेकिन अब यह जॉइनिंग जुलाई के पहले सप्ताह तक के लिए टाल दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications