Bihar Today: आपातकाल की बरसी पर बिहार में राजनीतिक हलचल, BJP करेगी गोष्ठी का आयोजन, पढ़िए आज क्या है खास
Bihar Today: 25 जून का दिन बिहार की राजनीति के लिए बेहद खास होने वाला है। जिस तारीख को देश ने 1975 में आपातकाल का काला अध्याय देखा था, उसी दिन बिहार में लोकतंत्र, विकास और जनभागीदारी को लेकर कई बड़ी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने पूर्णिया में विचार गोष्ठी कर आपातकाल की घटनाओं को याद करने का निर्णय लिया है, वहीं दूसरी ओर निर्वाचन आयोग ने पूरे राज्य में मतदाता सूची की शुद्धता के लिए बड़ा अभियान शुरू कर रही है।
पटना में केंद्र सरकार ने न्यूक्लियर पावर प्लांट की पेशकश कर बिहार की ऊर्जा जरूरतों को नया मोड़ देने की बात कही है। साथ ही, तेजस्वी यादव ने परिवारवाद पर बयान देकर सियासी माहौल को और गर्म कर दिया। जबकि प्रशांत किशोर की बदलाव यात्रा भी चर्चा में है।

BJP की विचार गोष्ठी का आयोजन
पूर्णिया जिले में भारतीय जनता पार्टी ने 25 जून को एक अहम विचार गोष्ठी का आयोजन करने जा रही है। यह कार्यक्रम जिला कार्यालय में आयोजित होगा, जिसमें 1975 के आपातकाल की घटनाओं, उस दौरान लोकतंत्र पर हुए हमले और जनसंघ-BJP कार्यकर्ताओं के संघर्षों पर चर्चा की जाएगी। इस मौके पर बिहार विधान परिषद के उपनेता डॉ. राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
ये भी पढ़ें: Bihar News: 'भाभी जी’ बनी ड्रग क्वीन, पूरा परिवार धंधे में शामिल, रांची से बिहार, UP तक फैला नशे का कारोबार
मतदाता सूची के सत्यापन अभियान की शुरुआत
आज भारत निर्वाचन आयोग पूरे बिहार में "विशेष गहन पुनरीक्षण" कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रही है। इसके तहत बीएलओ अधिकारी बुधवार, 25 जून से घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस अभियान में नए नाम जोड़ने, पुराने हटाने और जानकारी में सुधार जैसे कार्य किए जाएंगे। आयोग का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सटीक और दुरुस्त मतदाता सूची तैयार करना है।
बिहार को मिल सकता है न्यूक्लियर पावर प्लांट
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पटना में पूर्वी भारत के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भाग लेते हुए घोषणा की कि अगर बिहार सरकार चाहे तो राज्य में न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाया जा सकता है। यह प्लांट केंद्र सरकार की "स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर" योजना का हिस्सा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को अगले तीन महीने तक 500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली दी जाएगी।
'परिवार से कोई और नहीं आएगा राजनीति में'
पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने साफ किया कि फिलहाल लालू यादव के परिवार से कोई और राजनीति में कदम नहीं रखने जा रहा। एक पॉडकास्ट में तेजस्वी ने कहा, "हमारे मुकाबले मांझी और चिराग पासवान आगे हैं परिवारवाद में।"
उन्होंने यह भी जोड़ा कि लालू यादव की तबीयत पूरी तरह ठीक नहीं है, इसलिए वो चुनाव प्रचार में अधिक सक्रिय नहीं रहेंगे। तेजस्वी का यह बयान तब आया है जब हाल ही में कुछ नेताओं के परिजनों को सरकारी पदों पर नियुक्त किया गया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में परिवारवाद पर बहस तेज हो गई है।
जनसुराज की बदलाव यात्रा पहुंचेगी गोह
प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी की 'बिहार बदलाव यात्रा' के तहत 5 जुलाई को गोह प्रखंड में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के राज्य परिषद सदस्य डॉ. आरयू कुमार ने बताया कि इसे सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है। आयोजन को प्रभावशाली और बड़ी भागीदारी वाला बनाने के लिए पूरी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार में नक्सलियों को ड्रोन सप्लाई करने वाला दिल्ली से गिरफ्तार, कई आपत्तिजनक दस्तावेज़ बरामद, क्या है मामला?












Click it and Unblock the Notifications