Bihar Today: विधानसभा में SIR पर बवाल, विपक्ष का 'सड़क से सदन तक' संघर्ष, बिहार में आज क्या है खास?
Bihar Today: बिहार की सियासत में मानसून सत्र के साथ ही एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर विधानसभा के पहले दिन ही विपक्ष ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर इसे सदन में उठाने की मांग रखी। CPI(ML) के विधायकों ने काले कुर्ते पहनकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन कर चुनाव आयोग पर सत्तारूढ़ NDA को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया।
दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव ने 'टीम तेज प्रताप' नाम से नया फेसबुक अभियान शुरू कर सबको चौंका दिया, जिसमें राजद और उनके पिता लालू प्रसाद यादव का कोई जिक्र नहीं है। वहीं प्रशांत किशोर भी सीवान में जनसभा के दौरान नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा पर सीधा हमला बोलते नजर आए। इन सभी घटनाओं ने यह संकेत दे दिया है कि बिहार में चुनाव से पहले सियासी गर्मी चरम पर पहुंचने वाली है।
राजद नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव से मुलाकात कर राज्य में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर चर्चा की मांग रखी। उन्होंने कहा कि SIR के जरिए वंचित तबकों से वोट का अधिकार छीना जा रहा है। तेजस्वी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया और कहा, "हम सदन से लेकर सड़क तक लड़ेंगे।"

विधानसभा परिसर में विरोध के अलग ही रंग
मानसून सत्र के पहले दिन बिहार विधानसभा परिसर में विपक्षी दलों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। CPI(ML) लिबरेशन के विधायकों ने काले कुर्ते पहनकर SIR के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेता महबूब आलम ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने NDA को फायदा पहुंचाने के लिए यह कवायद शुरू की है। उन्होंने भी दोहराया कि यह लड़ाई सदन से सड़क तक चलेगी।
ये भी पढ़ें: Bihar Election: 'बेटा को मुख्यमंत्री बना दें नीतीश कुमार', बिहार चुनाव से पहले राबड़ी देवी ने क्यों कहा ऐसा?
तेज प्रताप ने शुरू किया नया डिजिटल अभियान
इसी बीच तेजस्वी यादव के भाई और पूर्व राजद नेता तेज प्रताप यादव ने 'टीम तेज प्रताप' नाम से नया फेसबुक पेज लॉन्च किया है। खास बात यह रही कि इस पेज से न तो राजद का नाम जुड़ा है और न ही चुनाव चिह्न। पेज पर लिखा गया है - "जिसका कायम है प्रताप, वही है आपका अपना तेज प्रताप।" तेज प्रताप ने घोषणा की है कि वे अपनी सारी राजनीतिक गतिविधियां अब इसी पेज के जरिए साझा करेंगे।
प्रशांत किशोर का सीवान दौरा और सियासी निशाना
इधर, जन सुराज अभियान के संयोजक प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत सीवान पहुंचे। वहां उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है, तो वो NDA और राज्यसभा क्यों नहीं छोड़ते। प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोला और दावा किया कि यह सत्र उनका आखिरी होगा क्योंकि अगली बार वो मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।
बिहार की राजनीति में हलचल तेज
SIR को लेकर विपक्ष का हमला, तेज प्रताप की नई राजनीतिक चाल और प्रशांत किशोर की चुनौती - इन सबने बिहार की सियासत में नया ताप ला दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि राजनीतिक घमासान और तेज होने वाला है।
ये भी पढ़ें: बिहार विधानसभा में तेजप्रताप की गैरहाजिरी ने बढ़ाई हलचल: RJD से निकालने के बाद तेजस्वी से होना था आमना-सामना












Click it and Unblock the Notifications