VIDEO:जब ऑफिस बना अखाड़ा! हेड मास्टर बनने को लेकर शिक्षकों के बीच जमकर चले लात-घूंसे
पटना, अक्टूबर 14: बिहार के मोतिहारी जिले से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। जहां पर दो शिक्षक हेड मास्टर की कुर्सी को लेकर आपस में भिड़ गए। इस दौरान शिक्षकों ने सारी मर्यादा तोड़ दी। सार्वजनिक स्थल पर शिक्षकों के बीच लात-जूते चले और लोग तमाशबीन बने रहे। मारपीट व उठापटक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर शिकायत दर्ज करायी गई है।

हेड मास्टर पद को लेकर चल रहा था विवाद
मामला आदापुर के चैनपुर सोनार टोला स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय का है। यहां स्कूल में हेडमास्टर के प्रभार को लेकर वरीय शिक्षक रिंकी कुमारी और प्रभारी प्रधानाध्यापक शिवशंकर गिरी के बीच लंबे वक्त से विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर डीईओ ऑफिस के निर्देश पर बीईओ हरेराम सिंह ने पत्र जारी किया। इसमें वर्तमान हेड मास्टर प्रभारी शिवशंकर गिरि व वरीय शिक्षक होने का दावा करने वाली शिक्षिका रिंकी कुमारी को अपनी शैक्षणिक व नियोजन से संबंधित कागजात तीन दिनों के अंदर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था।

BRC ऑफिस में जमकर चले लात-घूंसे
इसके बाद दोनों पक्ष सोमवार को बीआरसी में कागजात जमा कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में ऑफिस अंदर ही कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों शिक्षकों ने सारी मर्यादा को तोड़कर एक दूसरे पर लात-घूसे चलाना शुरू कर दिया। मारपीट व उठापटक से जहां कार्यालय में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। वही इस लड़ाई को देखकर अन्य अधिकारियों व कर्मचरियों मौके से खिसक गए।
वायरल हुआ वीडियो
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दो शिक्षक आदापुर के बीआरसी भवन (जहां डीईओ का कार्यालय भी है) में एक-दूसरे के साथ कैसे उठापटक कर रहे हैं और एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्द कह रहे हैं। एक शख्स इन दोनों के झगड़े को सुलझाने व दोनों को हटाने का प्रयास करते जरूर दिख रहा है। बीईओ हरेराम सिंह ने बताया कि घटना सोमवार की है। घटना की जानकारी डीईओ ऑफिस को दे दी गई है। जो भी निर्देश मिलेगा दोषी शिक्षकों पर समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना की शिकायत आदापुर थाने में दी गई। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया- "शिकायत मिली है। छानबीन की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications