Bihar Rajya Sabha Election: 'अब और नहीं सहेंगे अपमान', राज्यसभा सीट पर मांझी ने ठोका दावा, दे दी चेतावनी
Bihar Rajya Sabha Election 2026: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए बिसात बिछनी शुरू हो गई है और एनडीए के भीतर रार बढ़ती दिख रही है। आगामी 9 अप्रैल को खाली हो रही इन सीटों के लिए उपेंद्र कुशवाहा के बाद अब जीतन राम मांझी की पार्टी 'हम' ने भी ताल ठोक दी है। मांझी गुट का कहना है कि उन्हें गठबंधन में हमेशा कम आंका गया और ठगा गया है, लेकिन इस बार वे चुप नहीं बैठेंगे।
विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर शुरू हुई यह खींचतान अब राज्यसभा की दावेदारी तक पहुंच गई है, जिससे नीतीश और बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Jitan Ram Manjhi Rajya Sabha Claim: मांझी की पार्टी का खुला दावा: 'एक सीट तो चाहिए'
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रवक्ता राजेश कुमार ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी राज्यसभा की एक सीट के लिए पुरजोर दावा पेश करेगी। पार्टी का कहना है कि जीतन राम मांझी शुरू से ही पार्टी विस्तार की बात करते रहे हैं और इसके लिए सदन में प्रतिनिधित्व जरूरी है। हालांकि पार्टी अध्यक्ष संतोष सुमन अभी मीडिया के सामने खुलकर नहीं बोल रहे हैं, लेकिन अंदरखाने यह तय है कि इस बार मांझी गुट पीछे हटने के मूड में नहीं है।
Bihar Politics News in Hindi: गठबंधन में 'ठगी' और कम आंकने का आरोप
राजेश कुमार ने कड़े शब्दों में कहा कि एनडीए गठबंधन में उनकी पार्टी को हमेशा हल्का समझा जाता है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भी उन्हें सिर्फ 6 सीटें देकर 'ठगा' गया था। मांझी समर्थकों का मानना है कि उनकी पार्टी का आधार बड़ा है, फिर भी उन्हें वह सम्मान नहीं मिलता जिसके वे हकदार हैं। राज्यसभा सीट की मांग को इसी पुराने हिसाब-किताब को चुकता करने के तौर पर देखा जा रहा है।
ये भी पढे़ं: Bihar News: 'ज्ञान अभी बहुत कम है', मैथिली ठाकुर पर बुरी तरह भड़के खेसारी लाल यादव
उपेंद्र कुशवाहा और मांझी के बीच दावों की जंग
बिहार की राजनीति में चर्चा गर्म है क्योंकि उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी पहले ही कह चुकी है कि बीजेपी ने चुनाव से पहले उनसे एक सीट का वादा किया था। अब जीतन राम मांझी की दावेदारी ने मामले को दिलचस्प बना दिया है। जब मांझी की पार्टी से कुशवाहा के वादे पर सवाल हुआ, तो उन्होंने दोटूक कहा कि वह उनका अपना मामला है, लेकिन 'हम' अपनी दावेदारी मजबूती से रखेगी। अब देखना होगा कि एनडीए नेतृत्व इस खींचतान को कैसे सुलझाता है।
ये भी पढ़ें: Bihar Rajya Sabha Election 2026: रीना पासवान जाएंगी राज्यसभा? अटकलों पर बेटे चिराग पासवान ने क्या कहा
संतोष सुमन की चुप्पी और रणनीतिक तैयारी
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन भले ही अभी खामोश दिख रहे हों, लेकिन पार्टी का कहना है कि वे सही जगह पर अपनी बात रख रहे हैं। प्रवक्ता के मुताबिक, सुमन का मानना है कि हर बात मीडिया में नहीं कही जाती। पार्टी के भीतर यह रणनीति बनी है कि इस बार अपनी मांग को जोरदार तरीके से आलाकमान के सामने रखा जाएगा। मांझी गुट की यह सक्रियता बिहार एनडीए में सीटों के नए समीकरण की ओर इशारा कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications