Bihar Rajya Sabha Election 2026: रीना पासवान जाएंगी राज्यसभा? अटकलों पर बेटे चिराग पासवान ने क्या कहा
Bihar Rajya Sabha Election 2026: बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने राज्य का सियासी पारा चढ़ा दिया है। संख्या बल के आधार पर NDA का पलड़ा भारी दिख रहा है, लेकिन चर्चा सबसे ज्यादा चिराग पासवान की मां, रीना पासवान को लेकर हो रही थी।
कयास लगाए जा रहे थे कि चिराग अपनी मां को सदन भेजने की तैयारी में हैं। हालांकि, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इन खबरों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मां राजनीति से दूर रहना चाहती हैं और उनकी कोई दावेदारी नहीं है।

Chirag Paswan Reena Paswan: मां की राजनीति में एंट्री पर पूर्णविराम
चिराग पासवान ने मीडिया से दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी मां रीना पासवान सक्रिय राजनीति में नहीं आएंगी। उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस विषय को डिबेट का हिस्सा न बनाया जाए। चिराग ने साफ किया कि एक मां के तौर पर वह उनके साथ या दिवंगत पिता के साथ मंच साझा जरूर करती रही हैं, लेकिन उनका इरादा चुनाव लड़ने या राज्यसभा जाने का बिल्कुल नहीं है।
ये भी पढ़ें: Kanishk Narayan कौन? मुजफ्फरपुर का लड़का बना ब्रिटेन सरकार में AI मंत्री, 20 साल बाद लौटे जन्मभूमि
Bihar Politics: एनडीए की एकजुटता और जीत का दावा
राज्यसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान काफी आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि पांच की पांच सीटों पर एनडीए गठबंधन की जीत होगी और इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। हालांकि, जब उनसे उपेंद्र कुशवाहा को एक सीट मिलने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने चुप्पी साधे रखी, जिससे सीटों के आंतरिक बंटवारे को लेकर सस्पेंस बरकरार है।
विपक्ष के विरोध पर चिराग का पलटवार
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विपक्ष के हंगामे और विरोध प्रदर्शन पर चिराग ने करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सिर्फ राजनीति करना है, जबकि सरकार राज्य की घटनाओं को लेकर गंभीर है। चिराग ने जोर दिया कि प्रशासन को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं और सरकार हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर क्या कहा?
हाजीपुर में बातचीत के दौरान चिराग ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार का बचाव किया। उन्होंने कहा कि राज्य में घटने वाली कोई भी अप्रिय घटना सरकार के लिए चिंता का विषय होती है। मुख्यमंत्री और गृह मंत्री इस पर नजर बनाए हुए हैं। चिराग ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
ये भी पढे़ं: Bihar Rajya Sabha Election: नितिन नबीन, रीना पासवान, उपेंद्र कुशवाहा या पवन सिंह? राज्यसभा की रेस में कौन आगे
भविष्य की रणनीति और सस्पेंस
भले ही चिराग ने अपनी मां के नाम पर चल रही चर्चाओं को रोक दिया हो, लेकिन बिहार की राजनीति में सीट शेयरिंग का गणित अभी भी दिलचस्प बना हुआ है। जेडीयू और बीजेपी के पास दो-दो सीटें जाने की संभावना है, लेकिन चिराग की चुप्पी और अन्य सहयोगियों की उम्मीदों ने राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा छेड़ दी है कि पांचवीं सीट का ऊंट किस करवट बैठेगा।












Click it and Unblock the Notifications