Bihar Politics: बिहार में होगा 'ऑपरेशन तीर', तेजस्वी यादव की पार्टी RJD के 18 विधायक बदलने वाले हैं पाला!
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में पलटी मारने की घटनाएं होती रही हैं। नीतीश कुमार खुद पिछले एक दशक में कई बार अपना पाला बदल चुके हैं। हालांकि, इस बार पलटी मारने का यह खेल नीतीश नहीं बल्कि तेजस्वी यादव के विधायक कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में इन दिनों 'ऑपरेशन तीर' को लेकर दावों और संशयों का दौर चल रहा है। दरअसल तीर जेडीयू की पार्टी का चुनाव चिह्न है और चर्चा है कि आरजेडी के 18 विधायक खेल कर सकते हैं।
विधानसभा चुनाव में एनडीए ने तेजस्वी यादव को कड़ी चोट दी है। करारी हार के बाद इस वक्त वह अपने परिवार के साथ विदेश में हैं। इस बीच उनके पीछे पटना में बड़ी सुगबुगाहट का दौर चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि आरजेडी के 18 विधायक जेडीयू के संपर्क में हैं और जल्द पाला बदल सकते हैं।

Bihar Politics: खरमास के बाद धमाके का दावा
- दरअसल इन अटकलों को हवा जेडीयू के दावों से मिली है। नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू का कहना है कि राजद के 18 विधायक उनके संपर्क में हैं।
- कहा तो यहां तक जा रहा है कि खरमास की वजह से अभी यह ऐलान नहीं किया जा रहा है। नए साल के शुरुआती महीनों में भी बड़ा धमाका हो सकता है।
- सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि आरजेडी के जीते हुए विधायक और हारने वाले कई नेता भी आरजेडी की नई कार्यप्रणाली में खुश नहीं है। तेजस्वी यादव के व्यवहार और संजय यादव के दबदबे से कई पुराने नेताओं को तकलीफ है।
Tejashwi Yadav के नेतृत्व पर जेडीयू ने उठाए सवाल
जेडीयू प्रवक्ता मनीष यादव ने दावा किया कि राजद में भगदड़ तय है। उन्होंने कहा, 'पार्टी नेतृत्वविहीन हो चुकी है और तेजस्वी यादव में नेतृत्व क्षमता की कमी है। चुनाव हारने के बाद तेजस्वी बिहार से दूर हैं और राजद के विधायक निराश और हताश हैं। यही कारण है कि कई विधायक जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं।' बीजेपी भी इस मुद्दे पर जेडीयू से पूरी सहमति दिखा रही है। बीजेपी विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने भी राजद नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व से प्रभावित होकर राजद के कई विधायक एनडीए में आना चाहते हैं।
RJD और लालू परिवार में टूट के मिले हैं कई संकेत
हालांकि, आरजेडी ने इन सभी दावों को एनडीए की घबराहट का नतीजा बताया है। बिहार चुनाव के नतीजे आने के बाद से ही तेजस्वी यादव पर एनडीए के नेता हमलावर हैं। आरजेडी में भी टूट के दावे चुनाव नतीजों के बाद से ही किए जा रहे हैं। तेजस्वी यादव और उनके करीबी संजय यादव और रमीज पर खुद लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के अंदर की टूट और टकराहट अब दुनिया के सामने आ चुकी है। ऐसे वक्त में आरजेडी में टकराव की खबरें आना स्वाभाविक भी है।












Click it and Unblock the Notifications