Bihar Politics: नीतीश के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री को लेकर क्या सोचते हैं चिराग पासवान?
Bihar Politics: बिहार की राजनीति मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की संभावित सियासी एंट्री की चर्चा ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अपनी ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं,वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बयान खासा चर्चा में है।
चिराग पासवान ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर कहा,'क्यों नहीं? यह फैसला पूरी तरह से निशांत जी और जनता दल (यूनाइटेड) का है। यदि वे राजनीति में आते हैं तो यह उनकी व्यक्तिगत पसंद होगी और हमें इसका सम्मान करना चाहिए।'

Bihar Politics: पीएम मोदी के बिहार दौरे पर मचे सियासी घमासान के बीच चिराग ने दिया बयान
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागलपुर दौरे को लेकर बिहार की राजनीति में पहले ही गर्माहट है। मोदी सोमवार को किसान सम्मान निधि योजना के तहत करीब 9.80 करोड़ किसानों को 22,700 करोड़ रुपये की किस्त जारी करेंगे।
इस कार्यक्रम को लेकर विपक्षी दलों ने एनडीए पर चुनावी फायदा उठाने का आरोप लगाया है, जिसे चिराग ने खारिज करते हुए कहा,'प्रधानमंत्री का बिहार आना इस बात का प्रमाण है कि राज्य को लेकर उनकी प्राथमिकता है। हमने हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट में बिहार के लिए विशेष महत्व देखा है।'
Bihar Politics: निशांत कुमार को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष अपने-अपने हिसाब से साध रहा है राजनीति
वहीं,निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर जदयू के भीतर भी हलचल देखी जा रही है। कुछ नेताओं का मानना है कि पार्टी को नई ऊर्जा देने के लिए नेतृत्व में बदलाव जरूरी है। बिहार में इसी साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में अब तक राजनीति से दूर रहने वाले नीतीश के बेटे को लेकर बढ़ी सियासी सक्रियता ने सियासी फिजा को बड़ा ही दिलचस्प बना दिया है।
Bihar Politics: पप्पू यादव ने जेडीयू-बीजेपी के रिश्ते पर निशांत कुमार के बहाने कसा तंज
उधर, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने निशांत को जदयू की कमान संभालने की वकालत करते हुए कहा,'जदयू अब बीजेपी के वफादार एजेंटों से घिर चुकी है। पार्टी को बचाने का एकमात्र रास्ता यही है कि मुख्यमंत्री का बेटा नेतृत्व संभाले।'
Bihar Politics: चिराग ने पप्पू को दिया जवाब
हालांकि,चिराग पासवान ने पप्पू यादव की इस टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए कहा,'जब राज्य और केंद्र की डबल इंजन सरकार मिलकर बिहार के विकास के लिए काम कर रही है,तब इस तरह की भ्रामक राजनीति करने का कोई मतलब नहीं है। हमें रचनात्मक राजनीति करनी चाहिए ताकि बिहार मुख्यधारा की प्रगति में शामिल हो सके।'
गौरतलब है कि 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग और नीतीश के बीच छच्चीस का आंकड़ा नजर आया था। लेकिन, अब उनके बेटे की राजनीति में आने को लेकर वह बहुत ही सधी हुई और सुलझी हुई प्रतिक्रया दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications