Bihar News: हथियारों की तस्करी का बड़ा खुलासा, चुनाव से पहले क्या रची जाने वाली थी खूनी खेल की साज़िश!
Bihar News: बिहार में अपराध के नेटवर्क की एक और परत रविवार को उस समय खुली जब STF और स्थानीय पुलिस ने मोहनियां के समेकित चेकपोस्ट पर एक सफेद ब्रेज़ा कार से 3200 जिंदा कारतूस बरामद किए।
पहली नजर में यह एक साधारण गाड़ी लग रही थी, लेकिन जब पुलिस ने तलाशी ली, तो कार के गुप्त बॉक्स से मौत का जखीरा बरामद हुआ। यह घटना आने वाले चुनावों से पहले बिहार में हथियारों की तस्करी और आपराधिक गठजोड़ की गंभीरता को दर्शाती है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, STF ने की घेराबंदी
सूत्रों के अनुसार, STF को पहले से सूचना थी कि उत्तर प्रदेश से अवैध कारतूसों की एक बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। इसके बाद पटना से रवाना हुई STF की एक विशेष टीम ने मोहनियां में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग शुरू की।
जैसे ही सफेद रंग की ब्रेज़ा कार चेकपोस्ट पर पहुंची, टीम ने उसे रोका। तलाशी में कार के एक छिपे हुए बॉक्स से भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। इनमें ज़्यादातर .315 बोर के हैं, जबकि कुछ पिस्टल के कारतूस भी पाए गए।
पूछताछ में मिले सुराग, नालंदा में भी छापेमारी
कार में सवार दो युवकों को तत्काल हिरासत में लिया गया और मोहनियां थाने लाया गया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने नालंदा जिले में भी छापेमारी शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस ने सुरक्षा कारणों से अभी छापेमारी स्थलों की जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार युवकों से पूछताछ में राज्य के किसी बड़े आपराधिक गिरोह के नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
चुनाव से पहले तस्करी या किसी बड़े अपराध की तैयारी?
विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में पहले से ही पुलिस अलर्ट पर है। ऐसे में 3200 कारतूसों की यह बरामदगी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या बिहार में किसी गैंगवार की तैयारी चल रही थी? या फिर ये गोलियां राजनीतिक हिंसा का हिस्सा बनने वाली थीं?
क्या इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय गिरोह है?
अभी तक पुलिस के वरीय अधिकारी इस मामले में बयान देने से बच रहे हैं। लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने सभी जिलों में निगरानी और गश्ती बढ़ा दी है। यह बरामदगी न केवल बिहार में हथियार तस्करी के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि राज्य में अपराधी किस हद तक सक्रिय हैं।
प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और पुलिस की कई टीमें इस केस की पड़ताल में जुट गई हैं। आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications